नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित अरुणिमा इंफोटेक सेंटर में परीक्षा देने आए एक फर्जी अभ्यर्थी अनिश कुमार उर्फ लल्लू को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त सेंटर में रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा सेंटर बनाई गई थी। जहां मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। सभी का बारी-बारी से एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं कागजात जांच कर बायोमेट्रिक जांच कराया जा रहा था। इसके बाद परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जा रही थी। इसी दरम्यान कतार में अनिश कुमार उर्फ लल्लू भी खड़ा था। उसकी भी कागजात जांच की गई और अंदर जाने दिया गया। लेकिन जब वह बायोमेट्रिक जांच के लिए पहुंचा, तो आधार कार्ड में उसका दूसरा नाम और फोटो दिखा। जांच करनेवालों को शक हुआ और केंद्राधीक्षक को इसकी सूचना दी गई। केंद्राधीक्षक वहां पहुंचे और उन्होंने अनिश से कड़ाई से पूछताछ की। कुछ देर बाद उसने बताया कि वह अपने जीजा जवाहर प्रसाद की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। उसने एडमिट कार्ड में फर्जी ढंग से फोटो भी चेंज कर लिया था। अनिश की स्वीकारोक्ति के बाद सेंटर पर तैनात रेलवे पुलिस ने उसे पकड़कर नामकुम थाना को सुपुर्द कर दिया। केंद्राधीक्षक रविशंकर सिंह के बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। अनिश गया का रहनेवाला है। थानेदार ने बताया कि उसे बुधवार को जेल भेज दिया जाएगा।


