पटियाला चौक के पास ठेके पर हुई मामूली बहस ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया। बहस के बाद हुए हमले में अकाशदीप की हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथी राजविंदर सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जीरकपुर पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जीरकपुर थाने की पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर जसकंवल सिंह सेखों की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सिमरनजीत सिंह उर्फ सीमू (लोहरगढ़ निवासी), हन्नी सिंह (सुखना कॉलोनी निवासी), और रोशन कुमार (बिहार के समस्तीपुर का मूल निवासी) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर की रात ठेके के पास खड़े अकाशदीप और राजविंदर का आरोपियों के साथ घूरने को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में अकाशदीप की मौत हो गई, जबकि राजविंदर को गंभीर चोटे आईं। हत्या के अलावा अन्य वारदात का खुलासा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हन्नी सिंह ने 24 जुलाई को जीरकपुर के न्यू स्टाइल होटल के मालिक से 50,000 रुपए की मांग की थी। पैसे न देने पर आरोपियों ने होटल पर हमला किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद कर लिया है। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है, ताकि अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।


