भास्कर न्यूज | बाड़मेर भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को कई आयोजन हुए। सुबह 8 बजे जैन श्री संघ और महोत्सव समिति की ओर से नवकार महामंत्र जाप हुआ। जीतो संस्थान ने न्याति नोहरे में सवा लाख नवकार महामंत्र का जाप कराया। इस दौरान जीवदया, गंहुली प्रतियोगिता, सामूहिक सामायिक और वाहन रैली आदि कार्यक्रम हुए। जैन श्री संघ के अध्यक्ष अमृतलाल जैन ने कहा कि नवकार मंत्र संकटों को हरने वाला है। इसका नित्य जाप जीवन को सुखमय बनाता है। उन्होंने कहा कि यह मंत्र पाप कर्मों का नाश करता है और पुण्य का साथी है। जीतो ने देशभर में विश्व शांति के लिए जाप कराया, इसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। महोत्सव समिति के संयोजक किशनलाल वडेरा ने बताया कि राष्ट्र समभाव की भावना से देशभर में जाप हुआ। जाप के दौरान 5 विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। महावीर इंटरनेशनल ने सुमेर गौशाला में गौसेवा कर भगवान महावीर का दया का संदेश दिया। दोपहर में चिंतामणि पार्श्व बहु मंडल ने न्याति नोहरे में गंहुली प्रतियोगिता कराई। विजेताओं को गुरुवार को सम्मानित किया जाएगा। समिति के सह संयोजक वीरचंद वडेरा ने बताया कि मौन रहकर भी पाप कर्मों का नाश संभव है। इसी उद्देश्य से संभवनाथ महिला मंडल ने साधना भवन में सामूहिक सामायिक कराया। दोपहर 4 बजे गिरनार भक्त मंडल ने वाहन रैली निकाली। रैली कल्याणपुरा से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से निकली। रैली का उद्देश्य भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का संदेश देना था। युवा जैन ध्वज लहराते हुए जयघोष करते नजर आए। रात्रि 8 बजे सेठ मोती शाह की जीवनी पर नाटिका का मंचन हुआ। मुंबई से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सह संयोजक दिनेश बोहरा ने बताया कि गुरुवार को भगवान महावीर के 2624वें जन्मकल्याणक पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। बाड़मेर | महावीर इंटरनेशनल बाड़मेर शाखा ने बुधवार को भगवान महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर जीव दया कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के सदस्यों ने सुमेर गौशाला पहुंचकर गायों को हरा चारा वितरित किया। संस्था के अध्यक्ष बाबूलाल संखलेचा ने बताया कि भगवान महावीर ने अहिंसा और जीव दया का संदेश दिया। उसी भावना से प्रेरित होकर यह सेवा कार्य किया गया। सुमेर गौशाला के अध्यक्ष किशन वडेरा ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में गौतम डूंगरवाल, गौतम बोथरा, भूरचंद मालू, दिनेश भंसाली, मांगीलाल गोठी, रमेश धारीवाल, सोहन चौपड़ा और भूरचंद संखलेचा उपस्थित रहे।


