जुए के खिलाफ सख्ती, नकदी के साथ 3 काबू

लुधियाना| शहर में खुलेआम चल रहे जुए के कारोबार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर दड़ा-सट्टा लगाते तीन आरोपियों को रंगे हाथों काबू किया है। आरोपियों के पास से नकदी, सट्टा से जुड़ी सामग्री और गणना में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पहली कार्रवाई के दौरान गश्त कर रही पुलिस को सूचना मिली कि गुरु गोबिंद सिंह नगर इलाके में एक खाली प्लॉट के बाहर ऊंची आवाज में परची दड़ा-सट्टा लगाया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दो युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजेंद्र कुमार सिंह, निवासी गुरु नानकपुरा और अभिषेक गुप्ता, निवासी रणजीत एवेन्यू फेज-2 के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दड़ा-सट्टा की परचियां, एक गत्ता, कैलकुलेटर, दो पेन और 2200 रुपए नकद बरामद किए गए। दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि मक्कड़ कॉलोनी मेन मार्केट इलाके में एक व्यक्ति सरेआम घूम-घूमकर दड़ा-सट्टा लगा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को मौके से काबू किया। उसके पास से 3210 रुपए नकद बरामद हुए, जिसे सट्टे की रकम बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से जुआ चला रहे थे, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अवैध जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *