जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के मामले में एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिहार के दरभंगा निवासी मोहम्मद खालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार जुगसलाई के चुना शाह कॉलोनी में मोहम्मद अफरोज के घर में एक संदिग्ध युवक छिपा हुआ था। वह सरायकेला स्थित अपने मामा के घर जाने की योजना बना रहा था। मोहम्मद खालिक को पीले रंग के झोले के साथ पकड़ा पुलिस ने विशेष टीम बनाकर चुना शाह कॉलोनी में छापेमारी की। टीम ने अफरोज के मकान से मोहम्मद खालिक को पीले रंग के झोले के साथ पकड़ा। झोले की जांच में देशी पिस्तौल और हथियार बनाने के उपकरण मिले। पूछताछ में खालिक ने तीन से चार अवैध हथियारों की बिक्री करना कबूल किया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। एसपी शिवाशीष के अनुसार, यह गिरफ्तारी अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की अहम कड़ी है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


