डीग जिले जुरहरा थाना पुलिस, रेंज स्पेशल टीम, DST टीम ने साइबर ठगों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने फसल में छुपकर साइबर ठगी करते 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से 23 मोबाइल, 34 फर्जी सिम, 6 ATM कार्ड, 6 बाइक और 11 सौ 70 रुपए जब्त किए गए हैं। आरोपी सेक्सटॉर्शन और महंगी चीजें सस्ते दामों में बेचने के नाम पर ठगी करते थे। जुरहरा थाना अधिकारी अमित चौधरी ने बताया- शनिवार को जुरहरा थाना पुलिस, डीग जिला साइबर टीम, रेंज स्पेशल टीम, जिला स्पेशल टीम ने समधारा के जंगल में दबिश दी। जहां खड़ी फसल में छुपकर कुछ युवक साइबर ठगी कर रहे थे। पुलिस की सभी टीमों ने घेराबंदी कर 17 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक साइबर ठग मौके से फरार हो गया। सभी आरोपियों की तलाशी ली गई तो उनके पास कुल 23 मोबाइल, 34 फर्जी सिम, 6 ATM कार्ड, 6 बाइक और 11 सौ 70 रुपए मिले। आरोपियों ने पूछताछ में बताया की वे चोरी के मोबाइल में फर्जी सिम डालकर फर्जी सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाते हैं। जिसके बाद अनजान लोगों से संपर्क कर उन्हें सेक्सटॉर्शन में फंसाते हैं। जिसके बाद उनके नग्न वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठते हैं। इसके अलावा, लहंगा, साड़ी, लेपटॉप, गाय, भैंस, नकली सोने की ईंट बेचने का सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालते हैं। जो लोग इन चीजों से खरीदने के लिए साइबर ठगों से संपर्क करते हैं। उनसे डिलीवरी चार्ज के नाम पर ठगी कर लेते हैं।


