जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने नगरीय क्षेत्र में नगर निगम की ओर से संचालित विभिन्न रैन बसेरों और और श्री अन्नपूर्णा रसोइयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कड़ाके की ठंड में जूनागढ़ के आगे फुटपाथ पर सो रहे बेसहारा लोगों को जिला अस्पताल स्थित रैन बसेरे में शिफ्ट करवाया। जिला कलेक्टर देर शाम नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष और उपयुक्त यशपाल आहूजा के साथ रैन बसेरों का निरीक्षण करने निकलीं। उन्होंने श्रीगंगानगर रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड और बीछवाल स्थित फायर स्टेशन में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई और रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को देखा। सभी व्यवस्थाएं नॉर्म्स के अनुसार चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई में भोजन की गुणवत्ता को परखा तथा रसोई बनाने में उपयोग ली जाने वाली खाद्य सामग्री को देखा। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोइयों में प्रतिदिन जारी कूपन की जानकारी ली। भोजन कर रहे लोगों से फीडबैक लिया। रैन बसेरे में रजाई, कंबल, बिस्तर, गर्म पानी, गीजर तथा साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। उन्होंने निगम उपायुक्त को इनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।


