बीकानेर के पूर्व राज परिवार के संपत्ति विवाद को लेकर देवस्थान आयुक्त के फैसले के बाद राज्यश्री कुमारी खुलकर सामने आ गई हैं। उन्होंने होटल लक्ष्मी निवास में एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा है कि जूनागढ़ और लालगढ़ ट्रस्ट की संपत्ति है। वे कानूनी तरीके से अपनी संपत्ति का निरीक्षण करेंगी। उन्होंने अपनी भतीजी विधायक सिद्धि कुमारी पर आरोप लगाया कि दोनों स्थानों पर पुलिस और बाउंसर तैनात कर पद का दुरुपयोग किया है। राजपरिवार ट्रस्ट से जुड़े मामले में देवस्थान आयुक्त ने सहायक आयुक्त के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें उन्होंने सिद्धि कुमारी द्वारा बनाए गए नए ट्रस्टियों पर मुहर लगा दी थी। देवस्थान आयुक्त के फैसले से सिद्धि कुमारी को बड़ा झटका लगा है। इस फैसले के बाद जूनागढ़, लालगढ़ पैलेस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्यश्री ने कहा है कि सिद्धि पद का दुरुपयोग कर रही हैं। अपनी संपत्ति का निरीक्षण करने का उन्हें कानूनी अधिकार है। वहां हमारे मंदिर हैं। हम लीगल ऑर्डर लेकर दोनों स्थानों पर प्रवेश करेंगे। ट्रस्टी हनुवंत सिंह, कार्यकारी अधिकारी गोविंद सिंह, एडवोकेट सुरेंद्र पुरोहित और कमल नारायण भी इस मौके पर मौजूद रहे। 5 ट्रस्ट पर दोनों का अपना-अपना दावा : इसमें महाराजा गंगा सिंह ट्रस्ट, महाराजा राय सिंह ट्रस्ट, करणी सिंह फाउंडेशन, करणी चैरिटेबल ट्रस्ट और महारानी सुशीला कुमारी ट्रस्ट है। यह था विवाद : विधायक सिद्धि कुमारी ने राजपरिवार के संबंधित ट्रस्टों में राज्यश्री कुमारी, मधुलिका कुमारी, हनुवंत सिंह और रीमा हूजा को ट्रस्टी पद से हटा दिया था। इसके बाद अपने पक्ष के संजय शर्मा, धीरज भोजक, मनीष शर्मा, मदन सिंह को ट्रस्टी बनाया था। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ने 27 मई 2024 इस पर मुहर लगा दी थी। इस आदेश के खिलाफ हनुवंत सिंह ने देवस्थान विभाग उदयपुर के आयुक्त के सामने अपील दायर की थी। देवस्थान विभाग के आयुक्त वासुदेव मालावत ने फैसले में कहा कि वरिष्ठ सदस्य सिद्धि कुमारी नहीं बल्कि राज्यश्री कुमारी है। इस आधार पर राज्यश्री कुमारी, मधुलिका कुमारी, हनुवंत सिंह और रीमा हूजा को वापस ट्रस्टी मान लिया है। एसपी को दिया परिवाद : राजपरिवार संपत्ति विवाद के चलते लालगढ़ अवागमन जूनागढ़ पर पुलिस तैनात कर दी गई है। देवस्थान आयुक्त का फैसला आने के बाद ट्रस्टी ने कलेक्टर और एसपी को परिवाद देकर कहा है कि परिसर में आवागमन करने में बाधा नहीं पहुंचाई जाए। भतीजी सिद्धि कुमारी पर लगाए गंभीर आरोप : राज्यश्री ने अपनी भतीजी सिद्धि कुमारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, जब से उनकी माता सुशीला देवी का निधन हुआ है, तब से सिद्धि कुमारी ने उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराए है। सिद्धि मेरे सामने बड़ी हुई है। उसकी क्षमता मुझसे छिपी नहीं है। सारा खेल संजय शर्मा खेल रहा है।उधर सिद्धि ने किया टिप्पणी से इंकार : देवस्थान आयुक्त के फैसले आैर राज्यश्री कुमारी के आरोपों को लेकर विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि वे बीकानेर से बाहर हैं। वापस लौटने के बाद ही इस संबंध में बात हो सकेगी।


