राजस्थान युवा बोर्ड,युवा मामले एवं खेल विभाग राजस्थान सरकार एवं संभागीय आयुक्त के आदेश अनुसार संभाग स्तरीय युवा महोत्सव कार्यक्रम नोडल अधिकारी विनोद कुमार धवन संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा की अध्यक्षता एवं दलबीर सिंह उपनिदेशक महात्मा गांधी प्रकोष्ठ के निर्देशन में मल्टीपरपज स्कूल में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें गुरुवार को आयोजित होने वाले युवा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपनिदेशक ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म होंगे। अध्यक्षता संभागीय आयुक्त रश्मि गुप्ता करेंगी। वहीं विधायक डॉ. शैलेश सिंह, कलेक्टर अमित यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज भारद्वाज,शिक्षाविद् सुनील चतुर्वेदी, भाजपा नेता गिरधारी तिवारी विशिष्ट अतिथि होंगे। उपनिदेशक ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ दिए गए उत्तरदायित्व का निर्वहन कर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए साथ ही निर्णायक मंडल में लगाए गए। सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने एवं निष्पक्ष पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्णय करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी आरडी बंसल ने धौलपुर,करौली,सवाई माधोपुर एवं स्थानीय जिला भरतपुर से आने वाले सभी प्रतिभागियों को 10 बजे से पहले आयोजन स्थल पर आने हेतु सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सूचना भेजने के निर्देश दिए। जिला खेलकूद सह प्रभारी विजय सिंह कुंतल ने युवा महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं में चारों जिलों से आने वाले प्रतिभागियों के पंजीयन की सूचना,स्कोर शीट एवं अन्य समस्त आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में अधिकारियों एवं निर्णायक मंडल को विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान विशाल चौधरी, रंजन चतुर्वेदी, राजेंद्र सिंह, श्याम सिंह,भानु प्रताप,जल सिंह,अशोक कुमार, खूबचंद नागर,यशपाल सिंह, सचिन और अनूप चौधरी आदि सदस्य उपस्थित रहे।


