जूनियर हॉकी कैंप में किसान की बेटी ममतेश्वरी का चयन

भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पंचायत बोड़ला के सुकवा पारा की खिलाड़ी ममतेश्वरी लहरे (17 वर्ष) का भारतीय जूनियर वूमेन हॉकी कैंप के लिए सलेक्शन हुआ है। किसान परिवार में जन्मी ममतेश्वरी अब जल्द ही इंडियन जर्सी में खेलते हुए नजर आएगी। हॉकी में बतौर डिफेंडर खिलाड़ी ममतेश्वरी की खासियत विरोधी टीम को गोल करने से रोकना है। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के लिए बंगलौर में 15 से 25 दिसंबर 2024 को इंडिया असेसमेंट कैंप लगा था। कैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले देशभर से 78 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इन 78 खिलाड़ियों में से वर्तमान में 7 खिलाड़ियों की पहली चयन सूची जारी की गई है, जिसमें ममतेश्वरी लहरे का नाम शामिल है। अब ममतेश्वरी भारतीय खेल प्राधिकरण राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) बैंगलुरु में रहकर हॉकी की ट्रेनिंग ले‌गी। इससे पहले 5 दिसंबर 2024 को हॉकी के एक विशिष्ट स्किल ड्रैग फ्लिकिंग सीनियर इंडिया कैंप के लिए पूरे भारत से 5 खिलाड़ी का चयन हुआ था, उसमें भी ममतेश्वरी शामिल थी। ममतेश्वरी भारतीय कैंप तक पहुंचने वाली कबीरधाम जिले की दूसरी महिला खिलाड़ी है। इससे पहले सुकवा पारा (बोड़ला) की ही खिलाड़ी गीता यादव यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है। छत्तीसगढ़ टीम की कप्तानी कर चुकी हैं ममतेश्वरी लहरे खिलाड़ी ममतेश्वरी विवेकानंद कॉलेज बोड़ला में बीए फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट है। उसके पिता नरेश कुमार और मां शशिकला किसान हैं। वर्ष 2016 में ममतेश्वरी ने लकड़ी के डंडे से हॉकी खेलना शुरू की थी। अक्टूबर 2024 को रांची (झारखंड) में नेशनल जूनियर हॉकी टूर्नामेंट हुआ था। टूर्नामेंट में ममतेश्वरी ने छग हॉकी टीम की कप्तानी भी की थी। टीम में वह डिफेंडर खिलाड़ी है। आईपीएल की तर्ज पर 12 जनवरी से शुरू महिला हॉकी इंडिया लीग में बोड़ला की बेटी गीता यादव दिल्ली एसजी पाइपर्स की टीम से खेलते हुए नजर आई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *