जून में 2.6% रह सकती है महंगाई दर:20 जरूरी चीजों में 16 के दाम घटे; लगातार 8वें महीने महंगाई घटी, लोन भी सस्ते हो रहे

जून में लगातार आठवें महीने महंगाई से राहत मिली है। दाल, चावल, तेल और सब्जियां जैसी 20 जरूरी चीजों में से 16 के दाम 24% तक घटे हैं। केवल 4 चीजें 30% तक महंगी हुई हैं। तुअर (अरहर) दाल सबसे ज्यादा सस्ती होने वाली कमोडिटी में शामिल है। सन फ्लावर ऑयल के दाम सबसे ज्यादा बढ़े हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा के एसेंशियल कमोडिटी इंडेक्स से ये जानकारी सामने आई है। जून में यह -1.8% पर रहा। लगातार दूसरे महीने इसका शून्य नीचे रहना, जरूरी चीजें सस्ती होने का संकेत है। दरअसल, देश में रिटेल महंगाई लगातार घट रही है। मई तक इसमें लगातार 7वें महीने कमी आई। अब जरूरी चीजों के दाम संकेत दे रहे हैं कि जून में भी ये सिलसिला जारी रहा। सरकारी डेटा के मुताबिक, अक्टूबर 2024 तक लगातार बढ़ने के बाद नवंबर से महंगाई हर महीने घटी है। जून में 2.6% रह सकती है महंगाई दर इकोनॉमिस्ट दीपान्विता मजूमदार ने कहा, ‘हमारा अनुमान है कि जून में रिटेल महंगाई दर 2.6% रहेगी। देश में ज्यादातर खाने की चीजों का उत्पादन बढ़ना इसकी वजह है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी खाने की चीजें, कच्चा तेल और मेटल के दाम या तो घटे हैं या लगभग स्थिर रहे हैं।’ दुनियाभर में तेल की कीमतें स्थिर दुनियाभर में खाद्य तेलों के दाम नियंत्रण में हैं, खास तौर पर पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतें स्थिर हैं। देश में इन्हीं की खपत ज्यादा होती है। दक्षिण अमेरिका से सप्लाई बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सन फ्लावर ऑयल के दाम भी अब कम होने लगे हैं क्योंकि मांग कमजोर है। इसके चलते अब भारतीय बाजार में भी खाद्य तेल के दाम कम होने के आसार हैं। जून के मुकाबले जुलाई में 3 गुणा बढ़ा टामाटर का दाम अक्टूबर 2024 से महंगाई 3.4% कम हुई बीते साल अक्टूबर में रिटेल महंगाई 6.2% थी, जो इस साल मई में सिर्फ 2.8% रह गई। यही वजह है कि रिजर्व बैंक इस साल अब तक रेपो रेट 1% घटा चुका है। यानी एक तरफ महंगाई कम हो रही है और दूसरी तरफ लोन सस्ते हो रहे हैं। ———————————– ये खबर भी पढ़ें… मई में रिटेल महंगाई घटकर 2.82% पर आई: ये 6 साल में सबसे कम, खाने-पीने के सामान की कीमतों में कमी से घटी महंगाई भारत की रिटेल महंगाई मई में 2.82% पर आ गई है। ये 6 साल का निचला स्तर है। इससे पहले मार्च 2019 में ये 2.86% रही थी। खाने-पीने के सामान की कीमतों में लगातार नरमी के कारण रिटेल महंगाई घटी है। इससे पहले अप्रैल में रिटेल महंगाई घटकर 3.16% पर आई गई थी। वहीं मार्च महीने में रिटेल महंगाई 3.34% रही थी। ये महंगाई का 67 महीने का निचला स्तर था। आज यानी 12 जून को रिटेल महंगाई के आंकड़े जारी किए गए हैं। रिटेल महंगाई फरवरी से RBI के लक्ष्य 4% से नीचे है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *