जून 2026 से पहले शुरू होगा निर्माण कार्य:नामकुम छोर पर बनेगा डेड एंड प्लेटफॉर्म, रांची स्टेशन में दो नई रेल लाइनें

रांची रेलवे स्टेशन के ढांचागत विस्तार को लेकर रेलवे ने अहम निर्णय लिया है। स्टेशन परिसर में दो अतिरिक्त रेल लाइनों के निर्माण और नामकुम छोर पर डेड एंड प्लेटफॉर्म (वह प्लेटफॉर्म होता है, जहां ट्रैक एक सिरे पर खत्म हो जाता है। आगे रास्ता नहीं होता) विकसित करने के प्रस्ताव को रेलवे मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना का उद्देश्य स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाना है और जून 2026 से पहले निर्माण कार्य शुरू करना है। नई रेल लाइनों के जुड़ने से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की प्रक्रिया अधिक सुचारू हो सकेगी। वहीं, डेड एंड प्लेटफॉर्म बनने से स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और टर्नअराउंड में आसानी होगी। साथ ही प्लेटफॉर्म पर दबाव कम होगा और भीड़ नियंत्रण में भी सुधार आएगा। डेड एंड प्लेटफॉर्म का विशेष लाभ उन ट्रेनों को मिलेगा, जिनका संचालन रांची से शुरू या समाप्त होता है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन के लिए भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित होगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन पर ट्रेनों की होल्डिंग क्षमता में बढ़ोतरी होगी। वह सबकुछ जो आपके लिए जानना जरूरी है कुल आठ प्लेटफॉर्म होंगे : रांची रेलवे स्टेशन में वर्तमान में मुख्य रूप से 5 प्लेटफॉर्म हैं। लोहरदगा रूट के लिए एक अतिरिक्त डेड एंड प्लेटफॉर्म है। छठा प्लेटफॉर्म भी जनवरी में कार्यशील हो जाएगा। नामकुम छोर में एक और प्लेटफॉर्म बनने से कुल 8 प्लेटफॉर्म हो जाएंगे। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। सतहीकरण हो चुका है। इलेक्ट्रिफिकेशन हो चुका है। शेड का निर्माण शुरू है। इस प्लेटफॉर्म की लाइन को दूसरे लाइन से जोड़ने का काम भी अंतिम चरण में हैं। प्लेटफॉर्म बनने से कई नए गंतव्यों के लिए शुरू की जा सकेंगी ट्रेन सेवाएं: डीआरएम रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि अतिरिक्त रेल लाइनों और डेड एंड प्लेटफॉर्म के निर्माण से भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। इसके बाद ट्रेनों को टांगर, हटिया, पिस्का और बालसिरिंग जैसे स्थानों पर अनावश्यक रूप से होल्ड नहीं करना पड़ेगा। जैसे ही नई ट्रेनों के संचालन के लिए आवश्यक ढांचा पूरी तरह तैयार होगा, रांची से कई नए गंतव्यों के लिए ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकेंगी। एक किलोमीटर की लंबी रेल लाइन बनाने का खर्च 12-15 करोड़ रुपए आएगा। नई लाइनों के बनने से महानगरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के मिलने की संभावना बनेगी। रांची रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच में दो लाइनें बनेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *