नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देश के हजारों विद्यार्थियों को एक बार फिर असजमंस में डाल दिया है। देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन जनवरी सेशन 21 जनवरी से शुरू हो रहा है, जिनकी परीक्षा 21 से 24 जनवरी के बीच है, उनके प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि 17 जनवरी को दोपहर में प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए थे। इसके बाद कई विद्यार्थी ऐसे सामने आ रहे हैं, जिनकी परीक्षाएं सिटी इंटीमेशन स्लिप में 21 से 24 जनवरी के बीच थी। जब इन विद्यार्थियों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करना शुरू किया तो एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हुआ और दी गई सूचना के अनुरूप उनकी परीक्षाएं 28 व 29 को होने के कारण एडमिट कार्ड बाद में जारी होने की जानकारी मिली। ऐसे में ये विद्यार्थी बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा डेट्स बदलने के कारण असमंजस में हैं, कि उनकी परीक्षाएं क्या वाकई में स्थगित हो गई हैं या फिर वेबसाइट में कोई तकनीकी समस्या है। ट्वींस के लिए परेशानी आहूजा ने बताया कि जेईई-मेन आवेदन के दौरान जुड़वां विद्यार्थियों की जानकारी एनटीए ने ले रखी थी। इसके बावजूद भी बहुत से विद्यार्थी ऐसे सामने आ रहे हैं, जिनकी परीक्षा 21 से 24 के बीच है, उनके प्रवेश पत्र रोक लिए गए हैं। इन विद्यार्थियों की परीक्षा डेट्स अलग-अलग हैं। संभवतः प्रवेश पत्र रोकने का कारण इन विद्यार्थियों की परीक्षाएं एक ही दिन एक ही परीक्षा केन्द्र पर करवाना माना जा सकता है ताकि विद्यार्थी एक ही समय में परीक्षा दे सके। इससे पूर्व भी इस परीक्षा में यही होता आया है। जेईई-मेन परीक्षा 21 से आहूजा ने बताया कि जेईई-मेन 2026 जनवरी सेशन की परीक्षा 21 से 29 जनवरी के बीच होनी है। इस साल के लिए 14.10 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। 21 से 28 जनवरी के बीच पांच दिनों में 10 शिफ्टों में बीई-बीटेक के लिए परीक्षा होगी तथा 29 जनवरी को एक शिफ्ट में बीआर्क की परीक्षा होगी। विद्यार्थी प्रवेश पत्र के साथ ओरिजनल आइडी प्रुफ, ट्रांसपेरेंट बॉलपेन, पानी की बोतल, आवेदन में लगाया गया फोटो एवं सेल्फ डिक्लेरेशन साथ में लेकर जाएं, विद्यार्थी दिए हुए रिपोर्टिंग टाइम पर पहुंचने की कोशिश करें।


