गुलाबबाग चौराहे पर अब नियमित मिलेगी यातायात नियमों की जानकारी:सड़क सुरक्षा माह के तहत माइक सेट से दी जाएगी सूचना

धौलपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अब गुलाब बाग चौराहे पर वाहन ड्राइवरों को नियमित रूप से यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। यह पहल यातायात सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. निखिल अग्रवाल द्वारा यातायात पुलिस को माइक सेट भेंट करने के बाद संभव हुई है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने हॉस्पिटल के माध्यम से यह माइक सेट सामाजिक दायित्व के तहत उपलब्ध कराया है। इस माइक सेट के जरिए चौराहे से गुजरने वाले वाहन ड्राइवरों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। राजस्थान सरकार द्वारा मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग तथा यातायात पुलिस 1 जनवरी से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में निजी स्कूल में परिवहन विभाग की ओर से निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर स्कूल की व्यवस्थापिका प्रिया त्यागी और प्रधानाचार्य अनीता उपस्थित रहीं। चंद्रमल फाउंडेशन संस्थान के अध्यक्ष राजवीर सिंह गुर्जर ने इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में भामाशाहों को आगे आने का आह्वान किया। परिवहन विभाग की ओर से जारी किए गए सड़क सुरक्षा स्टिकर भी अतिथियों द्वारा गाड़ियों पर लगाए गए और वाहन चालकों को समझाइश दी गई। यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह ने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विभाग सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर यातायात व्यवस्था लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *