लोहरदगा|जेएमएस. विद्यालय में शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं विद्यार्थियों ने पोस्टर और पेंटिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा छह के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सड़क सुरक्षा पर आधारित नाटक रहा। नाटक के माध्यम से छात्रों ने सड़क पर चलते समय सावधानियों, यातायात संकेतों के पालन और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों को जीवंत रूप में दर्शाया। नाटक को उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खूब सराहा। इस अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका एडवोकेट सुषमा सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर न केवल हम स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। प्रधानाध्यापिका दीपा शिखर ने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों का नियमित रूप से पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं।


