भास्कर न्यूज|गुमला झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 प्लेट ग्रुप सुपर लीग में गोड्डा की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा है। रविवार को स्थानीय शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गोड्डा ने कोडरमा को 7 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। मैच की शुरुआत में कोडरमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाजों ने टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाने की कोशिश की। विशाल यादव और आकाश कुमार ने पिच पर टिक कर बल्लेबाजी की। विशाल ने जुझारू पारी खेलते हुए 56 रन बनाए, जबकि आकाश ने 48 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि इन दोनों के आउट होते ही कोडरमा की पारी लड़खड़ा गई। गोड्डा के गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन-लेंथ से विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा, जिसके कारण कोडरमा की पूरी टीम 45.4 ओवरों में महज 160 रनों पर सिमट गई। गोड्डा की ओर से गेंदबाजी में सत्यम सिंह हीरो साबित हुए, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। उनका बखूबी साथ देते हुए चिराग मिश्रा और कुमार हर्षित ने दो-दो विकेट झटके। 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोड्डा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। वैभव यादव ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 68 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं सचिन यादव ने 31 रनों का उपयोगी योगदान देकर जीत की राह आसान कर दी। गोड्डा ने मात्र 31.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए सत्यम सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि और टीआरडीओ (झारखंड के सीनियर कोच) सतीश सिंह, अंपायर अजमल हुसैन, इफ्तिखार शेख और स्कोरर शशिभूषण मिश्रा ने सत्यम को ट्रॉफी और 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव जितेंद्र सिंह, मनोज चौधरी, आयुष अग्रवाल, आकाश आनंद, लाल चंद्रशेखर, ज्ञान प्रकाश, शशि प्रकाश, सन्नी साहू, बिनीत, पंकज साहू और मधुसूदन उरांव सहित खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। टूर्नामेंट के अगले चरण में सोमवार को कोडरमा और चतरा के बीच भिड़ंत होगी, जिस पर खेल प्रेमियों की निगाहें टिकी हुई हैं।


