जवाहर कला केंद्र (जेकेके) में 23 फरवरी को ‘सम्मुख’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुस्तक चर्चा और कविता पाठ होंगे। यह आयोजन कृष्णायन सभागार में शाम 4 बजे से होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी होंगे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार और व्यंग्यकार यशवंत व्यास करेंगे। कार्यक्रम संयोजक प्रमोद शर्मा ने जानकारी दी कि इस सत्र में साहित्य, संस्कृति और इतिहास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में ‘काहू की काठी धरा’ (लेखक: नंद भारद्वाज) पर चर्चा होगी। यह पुस्तक आजादी के बाद के सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तनों की कथा कहती है। इसमें मारवाड़ रियासत, आजाद हिंद फौज और जागीरदारी प्रथा के खिलाफ संघर्ष को दर्शाया गया है। वहीं, ‘जहां बाट जोहते हैं देवता’ (लेखक: देवांशु पद्मनाभ) पर भी चर्चा होगी। इसमें पूर्वी-मध्य राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के प्राचीन भग्न मंदिरों का विस्तृत वर्णन किया गया है, जो कभी शानदार नागर शैली के देवगृह थे। तीसरी पुस्तक ‘सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक वैभव’ (संपादन: विजय जोशी) है। यह पुस्तक पुरातत्वविद् रमेश वारिद के शोधात्मक आलेखों का संकलन है, जिसमें संस्कृति, इतिहास और पुरातत्व से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को विवेचित किया गया है। प्रख्यात कवियों का होगा काव्य पाठ इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित कवि कामना राजावत, किशन प्रणय, शारदा कृष्ण और अभिलाषा पारीक अपनी कविताओं का पाठ करेंगे।


