घुमंतू समाज को पट्टे देने में बाधा बन रहे भू-माफिया और जयपुर विकास प्राधिकरण की मिलीभगत के खिलाफ जगतपुरा स्थित सपेरों की ढाणी में जारी भूख हड़ताल छठे दिन व्यापक हो गई। रविवार को इस आंदोलन में जयपुर की विभिन्न बस्तियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। भारत जोड़ो मिशन सोसाइटी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन से शहर की दो दर्जन से अधिक बस्तियां जुड़ गई हैं।
भारत जोड़ो मिशन सोसाइटी के अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार ने घुमंतू, अर्ध-घुमंतू और विमुक्त जातियों के लिए विशेष कार्य योजना लागू करने और इन्हें यथा स्थान पट्टे दिलाने की मांग की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में घुमंतू समाज को दिए गए सत्रह हजार पट्टों और सामाजिक दस्तावेजों को बनाने के लिए चलाए गए अभियान की सराहना की। हालांकि, उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में इन समाजों को पट्टे देने में बाधाएं आ रही हैं, जो न्यायसंगत नहीं है। 19 जनवरी को महापड़ाव
आंदोलन के छठे दिन महापड़ाव की घोषणा की गई, जो 19 जनवरी को आयोजित होगा। इसे सफल बनाने के लिए बस्तियों में रैलियां निकालने और लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। इस आंदोलन को मजबूत करने के लिए भारत जोड़ो मिशन सोसाइटी के घुमंतू विभाग प्रभारी बिशनलाल बावरी, अंतरनाथ सपेरा, मोहन कालबेलिया, रोड़ी देवी बावरी, और अन्य नेताओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


