झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) के 134 पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम और प्रवेश पत्र से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रारंभिक परीक्षा दो सिटिंग में आयोजित की जाएगी। पहली सिटिंग में सामान्य अध्ययन विषय की वस्तुनिष्ठ परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरी सिटिंग में विधि (कानून) से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए पंजीकृत अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन संख्या, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर का उपयोग करना होगा। परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के दिन समय से निर्धारित स्थल पर पहुंचें। परीक्षा के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करें। प्रशासन को भी शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।


