आरयू, डीएसपीएमयू समेत राज्य के अन्य विवि के असिस्टेंट प्रोफेसर का प्रमोशन नियुक्ति के 17 साल बाद भी नहीं हुआ है। इसके लिए सीधे तौर पर विवि शिक्षकों ने जेपीएससी और विवि प्रशासन को जिम्मेवार ठहराया है। आक्रोशित शिक्षक प्रमोशन को लेकर जुटान के बैनर तले आंदोलन चला रहे हैं। बुधवार को जेएन कॉलेज में प्रोन्नति के मुद्दे पर आक्रोश सभा आयोजित की। इस अवसर पर जुटान के अध्यक्ष जगदीश लोहरा और संयोजक डॉ. कंजीव लोचन समेत दर्जनों शिक्षक थे। अध्यक्ष लोहरा ने कहा कि प्रोन्नति में जिस परफॉर्मा को लेकर जेपीएससी पेंच फंसा रहा है, उस परफॉर्मा को विश्वविद्यालय ने ही निर्धारित कर शिक्षकों को दिया था। अतः यह विवि की जिम्मेवारी है कि अपनी बात दृढ़तापूर्वक रखे। संयोजक डॉ. कंजीव ने कहा कि जेपीएससी और विवि में करोड़ों रुपये कम्प्यूटर आदि में खर्च किए गए, किन्तु अभी भी आदिम जमाने की पद्धति से ही सब कुछ चल रहा है। इन्हें पूरी तरह ऑटोमेटेड करने की आवश्यकता है। विवि और जेपीएससी शीघ्र ही मिल बैठकर प्रोन्नति के लिए कोई उचित और न्याय सम्मत रास्ता निकाले। अब सब्र टूटने वाला है और शिक्षकों को प्रोन्नति के लिए उग्र आंदोलन को तैयार हैं।


