झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से 11वीं से 13वीं राज्य सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा के 9 माह बाद भी रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। इससे इस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में नाराजगी है। रिजल्ट जारी करने को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। बुधवार को अभ्यर्थियों ने बताया कि आयोग को नए अध्यक्ष मिल जाने के बाद भी मुख्य परीक्षा के नतीजे घोषित नहीं किए जा रहे हैं। दो-तीन दिन के अंदर एक बार फिर अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी करने को लेकर रांची में जुटेंगे और आयोग के अधिकारियों से मिलकर रिजल्ट जारी करने को लेकर ध्यान आकृष्ट कराएंगे। सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा पिछले साल 22 से 24 जून तक राजधानी के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसका रिजल्ट जेपीएससी के नोटिफिकेशन के अनुसार पिछले साल अगस्त के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाना था। लेकिन आज तक मुख्य परीक्षा के रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। इससे अभ्यर्थियों में निराशा की स्थिति है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य सिविल सेवा के विभिन्न संवर्ग के 342 पदों पर नियुक्ति की जानी है। बताते चलें कि इससे पहले सातवीं-दसवीं सिविल सेवा का रिजल्ट 31 मई 2022 को आया था। पीटी में 7011 अभ्यर्थी हुए थे क्वालिफाई जेपीएससी द्वारा 11वीं से 13वीं सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का रिजल्ट पिछले साल 22 अप्रैल को जारी किया गया था। इसमें 7011 अभ्यर्थी क्वालिफाई हुए थे। पीटी और इसका रिजल्ट एग्जाम कैलेंडर के अनुसार तय समय सीमा में घोषित कर दिया गया। लेकिन मुख्य परीक्षा का रिजल्ट निर्धारित समय के अनुसार घोषित नहीं किया जा सका है।


