जेल में विचाराधीन कैदी की मौत पर परिजन व आक्रो​िश​त लोगों ने दो घंटे किया सड़क जाम

भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिला स्थित मंडल कारागार में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों ने लोहरदगा, रांची मुख्य पथ के कुडू प्रखंड अंतर्गत पंडरा गांव निकट एनएच 39 को जाम कर दिया। जहां परिजनों ने मामले पर हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। इधर मृतक कैदी की पहचान जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरा गांव निवासी स्व हजरत अली के पुत्र 27 वर्षीय जाहिद पवरिया के रूप में हुई है। मृतक जाहिद को यौन शोषण के मामले में 20 मई 2026 को मंडल कारा में बंद किया गया था। उसके खिलाफ कुडू थाना क्षेत्र के ही रहने वाली एक युवती ने 29 अप्रैल 2026 को कुडू थाना में बीएनएस की धारा 69 के तहत कांड संख्या 40/26 दर्ज कराया था। इधर बुधवार को मृतक जाहिद मंडल कारा के पुरुष वार्ड अचेत पड़ा पाया गया था। जिसकी सूचना पर जेल प्रशासन द्वारा आनन फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के क्रम में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना पर परिजन आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा करते हुए परिजनो सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 39 कुड़ू रांची मुख्य पथ पंडरा चौक को किया जाम कर दिया। परिजन ने जेल में मार डालने की साजिश और लापरवाही का जेल प्रशासन आरोप लगाया। सड़क जाम की सूचना पर पहुंची एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी अजीत कुमार पंडरा चौक पहुंच आक्रोशित परिजनो और ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। वही मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष मोजमिल अहमद, उप प्रमुख ऐनुल अंसारी, लाल गुड्डू पहुंचे। परिजन से बात कर समझाने का प्रयास किया। इस बीच प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। बावजूद ग्रामीणों सड़क जाम हटाने को नहीं थे तैयार। डीसी, एसपी और जेलर को बुलाने की मांग कर रहे थे। वही झामुमो जिला अध्यक्ष मोजमिल अहमद ने एसपी से बात किया। एसपी ने निष्पक्ष जांच की बात कही उसके बाद उप प्रमुख सहित पुलिस अधिकारियों के समझाने के प्रयास के बाद सड़क जाम हटाया गया। जाम सुबह 9 बजे से 11 बजे तक लगा रहा। सड़क जाम के कारण नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सड़क जाम से यात्री वाहन के यात्री काफी परेशान रहे। मृतक जाहिद को बुधवार की सुबह जब नमाज के लिए इमामत करने वाले अतिकुर रहमान जगाने के लिए गए तो जाहिद के शरीर में कोई हरकत नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने जेल प्रशासन को सूचना दी। जेल प्रशासन ने जेलर मोहम्मद सोनू को जानकारी दी। जिसके बाद जेलर ने जाहिद पवरिया को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर जांच के उपरांत चिकित्सकों ने जाहिद पवरिया को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना मृतक के परिजनों को सुबह लगभग 8 बजे दी गई। मामले में जेलर मोहम्मद सोनू का कहना है कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा है। जाहिद पवरिया कल रात इशा की नमाज पढ़ने के बाद खाना खाने के बाद सो गया था। मृतक के छोटे भाई मुजाहिद अली का कहना है कि एक दिन पूर्व ही अपने भाई से मुलाकात की थी। वह पूरी तरह से स्वस्थ था। अचानक से इस तरह से हुई मौत से संदेह गहरा गया है। उन्होंने संदेह जताया है कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। मामले में अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार का कहना है कि एक विचाराधीन कैदी की मौत हुई है। मामले में दंडाधिकारी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम और आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मामले में नियमों अनुसार पूरी जांच होगी। लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि मंडल कारा में एक विचाराधीन कैदी के मौत हुई है। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कुडू में एनएच को जाम किया था। जिसे जांच के आश्वासन पर समझाते हुए हटाया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में नजर बनाए हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *