जेसीबी से बाइक तोड़ दी, किसान को कुचलने की कोशिश की, ग्रामीणों ने पीछाकर पकड़ा

बांसवाड़ा| ठीकरिया क्षेत्र में नवागांव रोड पर बुधवार दोपहर खेत में एक किसान के पीछे जेसीबी दौड़ाकर मारने की घटना सामने आई है। इस संबंध में किसान वीरेंद्र भट्ट ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक वीरेंद्र खेत में काम कर रहे थे इसी दौरान एक व्यक्ति जेसीबी लेकर खेत घुस आया। उन्होंने जेसीबी चालक को रुकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात अनसुनी कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक आक्रामक हो गया और जेसीबी को सीधे किसान की ओर मोड़कर उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले में किसान ने समझदारी दिखाकर भागते हुए अपनी जान बचाई। इस दौरान जेसीबी चालक ने किसान की बाइक को कुचलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी क्षेत्र के किसानों और युवाओं तक पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए और जेसीबी का पीछा करना शुरू किया। चालक तेज गति से नवागांव, सागवड़िया और सियापुर से होते हुए भागता रहा। ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और अंततः ठीकरिया त्रिपुरा कॉलोनी में रास्ता बंद होने पर जेसीबी को रोककर चालक को पकड़ लिया। बाद में सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *