भास्कर न्यूज | कवर्धा सहसपुर लोहारा ब्लॉक के ग्राम रणवीरपुर स्थित जैन ट्रेडर्स व दाल मिल में मंडी प्रशासन की छापेमारी की। इस दौरान फर्म परिसर में 4738 बोरी धान और अन्य अनाज बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारित पाया गया। इस पर टीम ने धान व अनाज को जब्त कर लिया है। मंडी प्रशासन की टीम जब फर्म परिसर पहुंची, तो वहां धान और दाल का भारी स्टॉक मौजूद था। लेकिन खरीद, परिवहन, भंडारण या बिक्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। मंडी प्रशासन ने 4453 बोरी धान, 90 बोरी चना, 170 बोरी तुअर, 10 बोरी सोयाबीन और 15 बोरी गेहूं जब्त किया है। मंडी इंस्पेक्टर मनोज वैष्णव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 20/23 के तहत जब्ती प्रकरण दर्ज किया गया। मौके पर पंचनामा और सुपुर्दनामा तैयार किया गया। कार्रवाई के दौरान लेखपाल प्रहलाद सिंह ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 अशोक गुप्ता भी मौजूद रहे।


