सलूम्बर जिले के गुड़ेल गांव स्थित पार्श्वनाथ जैन मंदिर से चोरी हुई भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति बरामद कर ली गई है। गींगला थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई पीतल की मूर्ति के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला और वृत्ताधिकारी हेमन्त जोशी के सुपरविजन में थाना अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान की। मंदिर के पुजारी जीतमल जैन (55) निवासी गुड़ेल ने गींगला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को वे नियमित पूजा के लिए मंदिर नहीं जा सके थे। शाम को उन्हें सूचना मिली कि मंदिर से भगवान पार्श्वनाथ की लगभग 5 इंच की पीतल की मूर्ति गायब है। प्रारंभिक खोजबीन के बाद भी मूर्ति का कोई सुराग नहीं मिला था। गहन अनुसंधान के बाद पुलिस ने आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा (28) पुत्र होमा मीणा को हिरासत में लिया। वह धामनिया हडवी फला, थाना लसाड़िया, जिला सलूम्बर का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जो विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। मंदिर से मूर्ति चोरी होने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मूर्ति की बरामदगी के बाद जैन समाज और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत महसूस की।


