भोपाल के बैरागढ़ क्रिकेट ग्राउंड में जैन लिगसी क्रिकेट टूर्नामेंट हो रहा है। पहले सेशन में खेले गए मुकाबलों में रोमांच देखने को मिला। पहले मैच में जेके चैंपियंस ने प्रगति लीजेंड्स को हराया। जेके सुपरकिंग्स 12 ओवर में 89 रन ही बना सकी, जवाब में अंकुर जैन की नाबाद 38 रन की पारी से प्रगति ने लक्ष्य हासिल किया। दूसरे मुकाबले में जेजीएम टाइटंस ने 360 धुरंधर को 14 रन से मात दी। अक्षय जैन और अभिषेक अजमेरा की पारियों के बाद 360 की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। तीसरे मैच में सामवेद की 23 गेंदों में 70 रन की तूफानी पारी से नक्ष नाइट्स ने गौरव 11 को 6 विकेट से हराया। वही दूसरे सेशन में क्वॉलिफियर मैच खेला गया जिसमे नक्ष नाइट्स की टीम 8 विकेट से विजयी रही। एलीमिनिटर मैच में जेके सुपरकिंग्स ने 360 धुरंधर को 33 रनों से हराया। आज क्वालिफायर-2 और फाइनल मैच खेला जायेगा। मैच की तीन तस्वीरें देखिए…. जेके चैंपियंस ने प्रगति लीजेंड्स को हराया पहले सेशन का पहला मुकाबला जेके सुपरकिंग्स और जेके चैंपियंस के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए जेके सुपरकिंग्स की टीम 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 89 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सचिन जैन ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। अंकुर जैन मैन ऑफ द मैच 90 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रगति लीजेंड्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में ही दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद प्रिंस जैन ने पारी को संभालते हुए 28 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद अंकुर ने मोर्चा संभाल लिया। अंकुर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 38 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अंकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अक्षय–अजमेरा की पारियों से जेजीएम टाइटंस विजयी दूसरा मुकाबला जेजीएम टाइटंस और 360 धुरंधर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेजीएम टाइटंस की शुरुआत बेहद शानदार रही। अक्षय जैन की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने शुरुआती 3 ओवर में ही 46 रन जोड़ दिए। इसके बाद 360 धुरंधर के शुभम जैन पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और जेजीएम की रन गति पर ब्रेक लगा दिया। 73 से 86 रन के बीच जेजीएम ने लगातार 4 विकेट गंवाए। अक्षय जैन अर्धशतक पूरा करने के बाद स्टंपिंग का शिकार हो गए।आखिरी ओवरों में अभिषेक जैन अजमेरा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 29 रन बनाए और टीम को 12 ओवर में 119 रन तक पहुंचाया। शुभम जैन पटेल के 4 विकेट भी नहीं दिला सकी जीत 120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी 360 धुरंधर की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 28 रन के भीतर आधी टीम पवेलियन लौट गई। स्टार बल्लेबाज शुभम जैन भी सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। एक छोर पर शुभम जैन पटेल टिके रहे और उन्होंने 22 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम निर्धारित ओवरों में लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 360 धुरंधर को 14 रन से हार का सामना करना पड़ा। सामवेद की तूफानी बल्लेबाजी से नक्ष नाइट्स की जीत तीसरा मुकाबला गौरव 11 और नक्ष नाइट्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गौरव 11 ने 12 ओवर में 142 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और 19 रन तक दो विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान संकेत ने 28 गेंदों में 43 रन बनाकर पारी संभाली, लेकिन अर्धशतक से पहले कैच आउट हो गए। अंत में दर्शन जैन ने 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और नक्ष नाइट्स को 143 रन का लक्ष्य दिया। 23 गेंदों में 70 रन, लगातार 7 छक्कों से पलटा मुकाबला लक्ष्य का पीछा करते हुए नक्ष नाइट्स ने पहले दो ओवर में 32 रन जोड़ दिए। राघव गोहिल और अर्जव जैन ने विकेट लेकर गौरव 11 की वापसी कराई, लेकिन सामवेद ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 70 रन ठोक दिए। लगातार 7 छक्कों से उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और नक्ष नाइट्स ने मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। रेस्टफुल रॉयल्स ने मेंटोर टाइगर को 6 विकेट से हराया पहले सेशन के चौथे मैच में रेस्टफुल रॉयल्स और मेंटोर टाइगर आमने-सामने थे। टॉस जीतकर रेस्टफुल ने गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेंटोर टाइगर की शुरुआत सधी हुई रही। टीम ने पहले दो ओवर में 22 रन बनाए, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरने लगे और कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल पाया। आठवें ओवर में शुभम जैन ने लगातार दो विकेट लेकर रन गति पर ब्रेक लगा दिया। अंतिम ओवरों में भी लगातार विकेट गिरते गए और टीम 12 ओवर में सिर्फ 86 रन ही बना सकी। रचित चौधरी और शुभम जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।रेस्टफुल रॉयल्स 6 विकेट से जीता। शुभम जैन और रचित चौधरी की गेंदबाजी, शुभम सिंघाई की तेज पारी ने खेल का रुख बदला 87 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेस्टफुल रॉयल्स ने शानदार शुरुआत की। पहले तीन ओवर में आयुष और मनीष की जोड़ी ने 45 रन जोड़ दिए। हालांकि मनीष और आयुष लंबा शॉट खेलने में आउट हो गए, जिससे रन गति पर ब्रेक लगा। इसके बावजूद शुभम सिंघाई की 19 रन की तेज पारी ने टीम को वापसी दिलाई और रेस्टफुल रॉयल्स ने मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। 26 जनवरी को होगा खिताब का फैसला सोमवार, 26 जनवरी को टूर्नामेंट का अंतिम दिन होगा। सुबह क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे ग्रैंड फाइनल होगा, जिसमें क्वालिफायर-1 और क्वालिफायर-2 की विजेता टीमें जैन लिगेसी कप 2.0 की ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।


