भास्कर न्यूज| महासमुंद विश्व नवकार महामंत्र दिवस के उपलक्ष्य में परम पूज्य विशुद्धसागर आदि ठाणा 2 के पावन सानिध्य मे सकल जैन श्री संघ के तत्वावधान में महासमुंद के लोहिया चौक में सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान सभी उपस्थित लेघों ने नवकार महामंत्र का जाप किया। महामंत्र के जाप के बाद दिल्ली के आयोजन में उपस्थित देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंत्र की महिमा का वर्णन किया, जिसका वर्चुअल प्रसारण लोहिया चौक में किया गया। परम पूज्य गुरुदेव विशुद्धसागर महाराज साहब ने कहा कि यह महामंत्र किसी समाज विशेष के लिए ही नहीं अपितु समस्त संप्रदाय के लिए है। इसमें परमात्मा के साथ सर्व सिद्ध, सर्व आचार्य, सर्व उपाध्याय व सभी साधु आत्माओं को नमन किया जाता है । उन्होंने बताया की इस महामंत्र के उच्चारण से असीम शांति का अनुभव होता है और समस्त पापों से मुक्ति मिलती है । उन्होंने ये भी बताया कि इस मंत्र की उत्पत्ति प्रथम तीर्थंकर के पूर्व से हो चुकी थी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में जैन समाज के साधु संतों के आवागमन के दौरान सहयोग करने वाले अन्य संप्रदाय के भव्य आत्माओं का श्रीफल व स्मृति चिह्न प्रदान कर बहुमान किया गया। गुरु को वंदन किया जाकर मंगलाचरण का श्रवण किया गया। संस्था के सचिव सीए रितेश गोलछा ने बताया की यह आयोजन प्रथम बार है। प्रतिवर्ष 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उसके बाद लगभग तीस मिनट नवकार महामंत्र का जाप गुरुदेव के साथ साथ उपस्थित लोगों ने किया। लोहिया चौक के अलावा शहर के मुख्य मार्गों में इस महामंत्र की गूंज फ़ैल रही थी। अखिल भारतीय खरतरगच्छ महिला परिषद ने प्रसाद वितरण किया। श्री शांति विजय गुरु भक्त मंडल ने नवकार मंत्र स्मृति चिह्न भेट स्वरूप प्रदान किया गया। इस मौके पर नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू, नपाउपाध्यक्ष देवीचंद राठी, येतराम साहू, चंद्रहास चंद्राकर, रश्मि चंद्राकर, विमल चोपड़ा, राशि त्रिभुवन महिलांग, महेन्द्र सिका सहित अन्य लोग मौजूद थे। संयोजक धीरज गोलछा ने बताया की आज गुरुवार को सुबह 8.30 बजे जैन मंदिर से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में परमात्मा रथ में सवार होकर चलेंगे। विभिन्न मंडलों के द्वारा भजन की प्रस्तुति की जाएगी।


