राजनांदगांव में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से शुरू हुए कार्यक्रम में प्रभात फेरी निकाली गई। फेरी संस्कारधानी के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। सुबह 9 बजे बरघोड़ा निकाला गया। इसमें जैन समाज के पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल हुए। सभी भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए शहर का भ्रमण करते रहे। मार्ग में विभिन्न समाजों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया। कार्यक्रम में सकल जैन श्रीसंघ के अध्यक्ष मनोज वैद्य मौजूद रहे। पूर्व जैन श्रीसंघ अध्यक्ष और पूर्व महापौर नरेश डाकलिया भी शामिल हुए। खूबचंद पारख, संयोजक अजय सिंगी, ललित भंसाली और जिला भाजपा महामंत्री सौरभ कोठारी भी उपस्थित रहे। भगवान महावीर के पंच महाव्रत काे जीवन में अपनाने का संकल्प लिया राजनीतिक दलों की भी सक्रिय भागीदारी रही। जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और पर्यटन निगम अध्यक्ष नीलू शर्मा ने हिस्सा लिया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा और पूर्व मंत्री धनेश पाटीला ने मानव मंदिर चौक पर पानी वितरण कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। गुरुवार को दिनभर विभिन्न आयोजन हुए। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर जैन धर्मावलंबियों ने भगवान महावीर के पंच महाव्रत – अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। भगवान महावीर की शिक्षाएं आज भी लोगों को आत्मशुद्धि, संयम और करुणा का मार्ग दिखाती हैं।


