जैसलमेर के ‘मरु महोत्सव-2026′ के आयोजन से पहले स्थानीय लोक संस्कृति और कलाकारों के संरक्षण का मुद्दा गरमा गया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जिला कलेक्टर प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि महोत्सव के मंचों पर केवल स्थानीय कलाकारों को ही प्राथमिकता दी जाए और बाहरी फिल्मी या सूफी गायकों पर फिजूलखर्ची बंद की जाए। विहिप जिला मंत्री लालूसिंह सोढ़ा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि मरु महोत्सव का आयोजन दशकों से जैसलमेर की समृद्ध विरासत, लोक कला और परंपराओं को सहेजने के लिए किया जा रहा है। इसी सांस्कृतिक खुशबू को महसूस करने के लिए सात समंदर पार से पर्यटक यहां आते हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों से प्रशासन भारी-भरकम बजट खर्च कर बाहरी फिल्मी, पंजाबी और सूफी कलाकारों को बुला रहा है। परिषद का आरोप है कि इन कलाकारों का मरु प्रदेश की संस्कृति से कोई सीधा सरोकार नहीं है। स्थानीय कलाकारों के साथ अन्याय का आरोप ज्ञापन में कहा गया कि बाहरी कलाकारों के मोह में प्रशासन स्थानीय कालबेलिया नृत्यांगनाओं, भजन मंडलियों और पारंपरिक लोक गायकों की अनदेखी कर रहा है। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं का हक मारा जा रहा है, बल्कि महोत्सव की मौलिकता भी खत्म हो रही है। यदि स्थानीय कलाकारों को मुख्य मंच दिया जाए, तो लुप्त होती लोक कलाओं को संजीवनी मिलेगी। धार्मिक रंग देने पर जताई कड़ी आपत्ति विहिप ने पिछले आयोजनों का हवाला देते हुए प्रशासन को आगाह किया कि महोत्सव को किसी भी प्रकार का धार्मिक या मजहबी स्वरूप देने का प्रयास न किया जाए। परिषद के अनुसार, पूर्व में हुए ऐसे प्रयासों का स्थानीय स्तर पर कड़ा विरोध हुआ था। मरु महोत्सव को विशुद्ध रूप से लोक संस्कृति का उत्सव ही रहने दिया जाना चाहिए। लालूसिंह सोढ़ा, जिला मंत्री, विहिप जैसलमेर बोले- “मरु महोत्सव का मूल उद्देश्य यहां की लोक कला को जीवित रखना है। अगर प्रशासन ने बाहरी कलाकारों को बुलाकर स्थानीय प्रतिभाओं की अनदेखी की और मांगों पर विचार नहीं किया, तो संगठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को मजबूर होगा।” 29 जनवरी से प्रस्तावित है महोत्सव गौरतलब है कि वर्ष 2026 में मरु महोत्सव का आयोजन 29 जनवरी से 1 फरवरी तक होना प्रस्तावित है। विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम की रूपरेखा में स्थानीयता को वरीयता नहीं दी गई, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ———————- ये खबर पढ़ें। …… डेजर्ट-फेस्टिवल में फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘स्त्री-2’ की गायिका करेंगी परफॉर्म:’बॉलीवुड सिंगर्स’ देंगे प्रस्तुति, 29 जनवरी से होगा आगाज विश्व प्रसिद्ध ‘मरु महोत्सव-2026’ इस बार केवल जैसलमेर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पोकरण से लेकर खुहड़ी के मखमली धोरों तक बॉलीवुड और लोक संगीत का जादू चलेगा। इस बार महोत्सव का मुख्य आकर्षण फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘स्त्री-2’ की गायिका मधुबंती बागची और ‘इंडियन आइडल’ के सितारे होंगे। प्रशासन ने इस बार कलाकारों के परफॉर्मेंस के लिए रेगिस्तान के अलग-अलग कोनों को चुना है, ताकि पर्यटक थार की असली सुंदरता का अनुभव कर सकें। महोत्सव का आगाज 29 जनवरी को पोकरण की ऐतिहासिक धरा से होगा, जबकि समापन 1 फरवरी को खुहड़ी के धोरों पर ‘केसरिया बालम’ की गूंज के साथ किया जाएगा।


