रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई नई यात्री ट्रेन शकूरबस्ती (दिल्ली)-जैसलमेर- शकूरबस्ती (दिल्ली) जैसलमेर एक्सप्रेस का संचालन आज से शुरू होगा। इसे शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर से रवाना किया था। नियमित संचालित होने वाली इस ट्रेन का दौसा जंक्शन पर भी ठहराव होगा, इससे यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। ट्रेन का यह रहेगा शेड्यूल
गाडी संख्या 12249, शकूरबस्ती (दिल्ली)-जैसलमेर प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा 1 दिसंबर से शकूर बस्ती से प्रतिदिन 17.10 बजे रवाना होकर अगले दिन 9 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। गाडी संख्या 12250, जैसलमेर-शकूरबस्ती (दिल्ली) प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा 2 दिसंबर से जैसलमेर से प्रतिदिन 17.00 बजे रवाना होकर अगले दिन 09.30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुडगांव, रेवाडी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नावां सिटी, कुचामन सिटी, मकराना, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहावट, फलौदी, रामदेवरा व आशापुर गोमट स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी और सैकंड एसी के 1-1, 2 थर्ड एसी, 6 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 गार्ड डिब्बा व 1 पॉवरकार सहित कुल 16 डिब्बे होंगे।
दिल्ली-जयपुर के लिए बेहतर विकल्प
स्वर्णनगरी एक्सप्रेस के रूप में दौसावासियों को दिल्ली व जयपुर की ओर सफर के लिए एक नया और बेहतर विकल्प मिला है। रात को जयपुर की ओर जाने के लिए यह ट्रेन सुविधाजनक रहेगी। वहीं दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को इस ट्रेन से सुविधा मिलेगी। अभी सुबह दिल्ली की ओर जाने के लिए यात्री आश्रम ट्रेन पर निर्भर रहते हैं, जिसका सुबह 5:21 बजे दौसा पहुंचने का समय है। यात्रियों के सामने टिकट और सीट के लिए मारामारी रहती है। वहीं दिल्ली से शाम को 5:35 बजे डबल डेकर ट्रेन निकलने के बाद रात 9:20 बजे मंडोर ट्रेन ही विकल्प थी, लेकिन अब एक ओर ट्रेन मिल जाएगी।


