जैसलमेर नगरपरिषद स्वच्छता रैंकिंग में दूसरे स्थान पर:राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जयपुर में आयोजित स्वच्छ भारत दिवस पर किया सम्मानित

स्वच्छ भारत दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में जैसलमेर नगरपरिषद ने स्वच्छता रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल करने पर पुरस्कार प्राप्त किया। गुरुवार को जयपुर में आयोजित हुए एक समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और UDH मंत्री झब्बर सिंह खर्रा ने सम्मानित किया। स्वच्छता रैंकिंग में सीकर पहले और जैसलमेर नगर परिषद दूसरे स्थान पर रही है। जयपुर में राजस्व अधिकारी पवन कुमार और सफाई अधिकारी चूनाराम ने राज्यपाल के हाथों सम्मान ग्रहण किया। नगरपरिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने कहा- ‘स्वच्छता रैंकिंग में जैसलमेर नगर परिषद का दूसरा स्थान हासिल करना जिले के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अधिकारियों और सफाईकर्मियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो आने वाले समय में शहर को और स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में प्रेरणा देगा।’ गौरतलब है कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को मनाए गए स्वच्छ भारत दिवस के मौके पर राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा राजधानी जयपुर में राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। राजधानी स्थित Rajasthan International Center (RIC) में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को सम्मानित किया गया। नगरपरिषद जैसलमेर स्वच्छता रैंकिंग में दूसरे स्थान पर इस वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में सीकर नगर परिषद ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जैसलमेर नगर परिषद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि जैसलमेर के लिए गर्व की बात है और स्वच्छता के क्षेत्र में नगर परिषद के सतत प्रयासों को दर्शाती है। इस समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि व UDH मंत्री झब्बर सिंह खर्रा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नगर निकायों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जनभागीदारी का एक व्यापक आंदोलन है। महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। नगरपरिषद अधिकारियों सम्मान ग्रहण किया जैसलमेर नगर परिषद की ओर से इस सम्मान को राजस्व अधिकारी पवन कुमार और सफाई अधिकारी चूनाराम ने मंच पर जाकर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और UDH मंत्री झब्बर सिंह खर्रा के हाथों ग्रहण किया। राज्यपाल ने दोनों अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और मेहनत जैसलमेर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। कार्यक्रम में सीकर, जैसलमेर, बीकानेर और सूरतगढ़ सहित कई नगर निकायों को भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। घर घर कचरा संग्रहण में बढ़िया कार्य नगरपरिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने बताया- जैसलमेर नगर परिषद ने पिछले कुछ वर्षों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शहर में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनअभियान चलाए गए हैं। यही कारण है कि जैसलमेर को राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। हर साल 2 अक्टूबर को “स्वच्छ भारत दिवस” मनाया जाता है स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से की गई थी। तब से हर साल 2 अक्टूबर को “स्वच्छ भारत दिवस” के रूप में मनाया जाता है और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाता है। सफाई कर्मियों की मेहनत का नतीजा कार्यक्रम के समापन पर स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *