पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बसे जैसलमेर जिले की पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस ने सभी मंदिरों आदि की सुरक्षा बढ़ाकर जगह—जगह हथियार बंद पुलिस के जवान तैनात किए हैं। SP सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में किसी भी तरह की अवांछनीय घटना आदि से निपटने के लिए सभी थानों को अलर्ट किया है व सभी भीड़भाड़ वाली जगहों आदि पर भी हथियार बंद सिपाहियों को तैनात किया है। सभी मंदिरों आदि की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। SP ने आमजन से भी सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की गलत पोस्ट आदि नहीं करने की अपील की है। अगर कोई भी ऐसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। पैदल गश्त एवं नाकाबंदी पर जोर
जिला पुलिस अधीक्षक जैसलमेर सुधीर चौधरी के आदेशानुसार जिले में वर्तमान हालातों को देखते हुए सभी थानों को अलर्ट किया गया है। सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि उनके द्वारा अपने—अपने क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुदृढ़ कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए पैदल गश्त की जाए। साथ ही पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर जानकारी इकट्ठी की जाए। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाकर प्रभावी गश्त, वाहन चैकिंग एवं होटल, ढाबा, सराय, धर्मशाला की चैकिंग की जा रही हैं। सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट पर होगी कार्रवाई- SP
SP चौधरी ने वर्तमान हालत पर आमजन से भी अपील की है। उन्होंने बताया- जिला पुलिस जैसलमेर द्वारा आमजन से यह अपील की जाती हैं कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक, ट्विटर आदि पर किसी भी प्रकार की गलत, भ्रामक, तथ्यहीन एवं भडकाऊ पोस्ट अपलोड नहीं करें। ऐसी जानकारी आने पर जिला पुलिस को सूचित करें। सोशल मीडिया पर जिला पुलिस जैसलमेर द्वारा निगरानी रखी जा रही हैं। ऐसी पोस्ट करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ विधि सम्मत कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसलिए सोशल मीडिया पर गलत, भ्रामक, तथ्यहीन एवं भड़काऊ पोस्ट अपलोड करने से बचे।


