जैसलमेर शहर की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक होटल में निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वरूप खान (19) निवासी मोकळा गांव के रूप में हुई है। रविवार को परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना दिया और मुआवजे की मांग की। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की सूचना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर भी मॉर्च्युरी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। काम के दौरान करंट की चपेट में आया युवक मिली जानकारी के अनुसार, स्वरूप खान शनिवार को होटल के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के खुले तारों या मशीनरी में आए करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना जोरदार था कि स्वरूप बुरी तरह झुलस गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने तुरंत उसे संभाला और निजी गाडी की मदद से जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का फूटा गुस्सा, मॉर्च्युरी पर दिया धरना युवक की मौत की खबर मोकळा गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंच गए। परिजनों ने होटल मालिक पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उचित मुआवजे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन रविवार सुबह भी मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे रहे। नेताओं ने की मुलाकात, पुलिस ने दर्ज किया मामला धरने की सूचना पाकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन से न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। इधर, शहर कोतवाल सुरजाराम ने बताया कि परिजनों की ओर से लापरवाही से हुई मौत की रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया- “परिजनों ने लापरवाही का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी क्या कमियां थीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।


