जैसलमेर में भारतमाला हाईवे पर गुरुवार देर शाम को हुए एक सड़क हादसे ने 1 युवक की मौत हो गई और 4 बच्चों समेत 5 लोग घायल हो गए। यहां बड़ाबाग डंपिंग इलाके में होटल रुद्राक्ष के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर 4 बच्चों समेत 6 लोग सवार थे। हादसे में बाइक सवार युवक राजकुमार (28) पुत्र रामनारायण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी समेत 4 बच्चे घायल हो गए। सभी को जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया जहां से घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने कार ड्राइवर को पकड़ लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। पति की मौत, पत्नी व 4 बच्चे गंभीर घायल
हादसे में मृतक राजकुमार की पत्नी पूजा (25) और उनके 4 मासूम बच्चे/भतीजे- कृष्णा(3), शिवम(6), कार्तिक (2)और वीरू (12) बुरी तरह घायल हो गए। परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी था, लेकिन जैसलमेर के बरमसर गांव में रहकर मजदूरी करता था। कोतवाली पुलिस के एसआई अल्ताफ हुसैन ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दो बच्चों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, जबकि बाकी घायलों को गहरी अंदरूनी चोटें लगी हैं। नशे में धुत थे कार सवार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में 3 से 4 लोग सवार थे और वे शराब के नशे में धुत होकर गाडी चला रहे थे। हाईवे पर बेकाबू स्पीड ने इस दुर्घटना को जन्म दिया। ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार का परिवार बहुत मेहनती था और अब उनके जाने से गांव में मातम पसर गया है।
पुलिस टीम ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को जब्त कर लिया है और कार मालिक किशोर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है।


