जैसलमेर जिले में मौसम के रंग बदलने का दौर जारी है। बीते दिनों के दौरान सूरज की तेज किरणों से रूबरू होने के बाद बुधवार को भी आकाश बादलों से अटा रहा। वहीं बादलों के आने से तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट हुई। हालांकि मौसम विभाग ने मौसम में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना से इनकार किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा जैसलमेर में मंगलवार को दिन भर आकाश में बादल छाए रहने से वातावरण में तब्दीली दर्ज की गई। तेज धूप के कारण होने वाली परेशानी से लोगों को निजात मिली। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम 17.8 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया, जबकि एक दिन पहले सोमवार को यह अधिकतम 34.1 और न्यूनतम 16.6 डिग्री रहा था। इस तरह से दिन के पारे में 2.1 डिग्री की गिरावट आ गई। शाम को भी हवा के थमे रहने से गुलाबी ठंडक जैसी स्थिति नहीं बनी। हालांकि अब भी रात के समय सोते समय लोगों को कम्बल ओढ़ने की जरूरत रहती है।


