जैसलमेर में ‘फरवरी’ में ‘अप्रैल’ जैसी तपिश:सामान्य से 4 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा, फसलों पर संकट

स्वर्णनगरी में मौसम के मिजाज में आया अचानक बदलाव अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगा है। मरुधरा में दिन की सर्दी अब पूरी तरह गायब हो चुकी है और धूप के तेवर तीखे होने लगे हैं। शुक्रवार को जहां दिन का पारा सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं शनिवार को भी मौसम के तेवर नरम नहीं पड़े। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा और पारे में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। सुबह से खिली धूप, दिन में राहत पर रात को ठिठुरन शनिवार सुबह की शुरुआत साफ आसमान और चमकती धूप के साथ हुई। सूरज निकलने के साथ ही सर्दी के तेवर ढीले पड़ गए। हालांकि, अलसुबह और देर रात चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण लोगों के बदन से अभी गर्म कपड़े पूरी तरह नहीं उतरे हैं। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तेज धूप ने लोगों को स्वेटर और जैकेट उतारने पर मजबूर कर दिया। दिन और रात के तापमान में 17 डिग्री का बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है, जो सेहत के लिहाज से चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फसलों को नुकसान की आशंका, सिंचाई की सलाह तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंचने से खेतों में खड़ी रबी की फसलों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार: गेहूं, सरसों और चना: यदि इन फसलों में समय पर सिंचाई नहीं की गई, तो समय से पहले पकने के कारण पैदावार घट सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे नमी बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई जारी रखें। अस्पतालों में बढ़ी भीड़, मौसमी बीमारियां सक्रिय मौसम के इस ‘दोहरे वार’ से लोग सर्दी-खांसी, जुकाम और वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बदलते मौसम में खान-पान का विशेष ध्यान रखें और रात को ठंड से बचाव जारी रखें। आंकड़ों की नजर में तापमान आगामी पूर्वानुमान: मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा और पारे में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *