हरियाणा के नारनौल शहर के रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में पारिवारिक रंजिश के चलते एक डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल को उसके जीजा ने आग लगा दी। इस संबंध में थाना शहर नारनौल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव महरमपुर के रहने वाले नवीन कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रामनगर कॉलोनी, नारनौल में किराए के मकान में रह रहा है। वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। जीजा रखता रंजिश नवीन कुमार ने बताया कि उसकी बड़ी बहन पूनम की शादी वर्ष 2011 में गांव बड़ी पचेरी (राजस्थान) निवासी रवि के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही रवि शराब पीकर पूनम के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था, जिस कारण पूनम पिछले छह–सात महीनों से बच्चों सहित मायके में रह रही है। इसी बात को लेकर आरोपी रवि परिवार से रंजिश रखता है। सीसीटीवी में दिख रहा बीती रात करीब 8 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल प्लेटिना घर के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद बाइक में आग लगने की जानकारी मिली। परिजनों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद मकान मालिक बनवारी लाल के घर लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। गिराकर लगाई आग जिसमें रात करीब 7:44 बजे आरोपी रवि बाइक को गिराकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर माचिस से आग लगाकर फरार होता हुआ दिखाई दिया। पीड़ित ने बताया कि आगजनी में उसकी बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसका रोजगार प्रभावित हुआ है। मामला दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रवि निवासी गांव बड़ी पचेरी, जिला झुंझुनूं (राजस्थान) के खिलाफ BNS की धारा 326(F) के तहत मुकदमा नंबर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


