जैसलमेर के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र के सुथार मंडी रोड पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया। कृषि उपज मंडी के पास एक तेज रफ्तार निजी बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गई। इस भयावह मंजर में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर व कंडक्टर मौके से बस को छोड़कर फरार हो गए। मोहनगढ़ पुलिस ने मृतक युवक अनिल विश्नोई के शव को हॉस्पिटल भिजवाया और बस को जब्त कर ड्राइवर कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने ख़राब सड़क को हादसे का कारण बताया। अनूपगढ़ जा रही थी बस मिली जानकारी के अनुसार, बस मोहनगढ़ से अनूपगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुथार मंडी रोड पर सामने से आ रही बाइक को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान अनिल कुमार विश्नोई (30 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार विश्नोई, निवासी 5 BLM, ग्राम पंचायत जवाहरनगर, पुलिस थाना PTM के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और किसानों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि मोहनगढ़ से सुथार मंडी, 113 आरडी और PTM को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। स्थानीय निवासी भीखाराम विश्नोई बोले- “इस रोड पर प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क जगह-जगह से टूटी और संकरी है। हमने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सड़क चौड़ी करने के लिए अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन की इसी लापरवाही की कीमत आज एक युवा को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।” पुलिस ने बस को जब्त कर हादसे की जांच शुरू की हादसे की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर फरार ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।


