जैसलमेर में साल 2024 की 15 बड़ी घटनाएं:तेजस विमान हुआ क्रेश, रेगिस्तान में आई बाढ़, जीएसटी बैठक का हुआ आयोजन

1 दिन बाद 2024 विदा होने वाला है और नया साल 2025 लगने वाला है। पर्यटन नगरी जैसलमेर ने इस दौरान कई पड़ाव देखे। कुछ अच्छे पल थे तो कुछ रुला देने वाली यादें भी थी। साल 2024 में जैसलमेर में कई उपलब्धियां भी हुई, रेगिस्तान में तेज बरसात ने रिकॉर्ड भी तोड़े तो साथ ही क्राइम ने चौंका दिया। एक और जहां भारत शक्ति युद्धाभ्यास हुआ जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह साक्षी बने, वहीं इस कार्यक्रम में शामिल तेजस लड़ाकू विमान क्रैश हुआ। वहीं रिश्ते के मौसी -चाचा ने अवैध संबंधों को छिपाने के लिए 2 मासूम बच्चों का मर्डर कर दिया। सेना ने 1 घंटे में 5 लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया। वहीं गोडावण का कृत्रिम गर्भाधान करने वाला जैसलमेर देश का पहला और भारत दुनिया का पहला देश बनकर चर्चा में रहा। जैसलमेर ने जीएसटी काउंसिल की बैठक आयोजित कर दुनिया भर की नजरों में सबको ला दिया। वहीं बारिश के दौरान सोनार फोर्ट की दीवार के गिरने की घटना ने सबको चौंकाया। इस दौरान बारिश में रेगिस्तानी इलाके सम गांव के तीन तरफ 4 किमी एरिया पानी में डूब जाने की घटना ने भी सबको अचंभे में डाल दिया। गर्मी में एक ओर हीट स्ट्रोक ने BSF के एक जवान की जान ले ली वहीं फील्ड फायरिंग रेंज में मोर्टार बम फटने से 4 BSF के जवान घायल हुए। एक और रामदेवरा मंदिर को सिरफिरे ने बम से उड़ाने की धमकी का खत भेजा वहीं उपराष्ट्रपति की यात्रा से पहले ईआरटी टीम के जवान का सुसाइड करना सबको सकते में डाल गया। इसके साथ ही साल के अंत के महीने में मोहनगढ़ में बोरवेल खोदते समय धरती फटी, ट्रक मशीन समेत समाया, पानी और गैस का बहाव भी हुआ। आइए रिकॉल करते हैं इन घटनाओं को- वायुशक्ति-2024 में 15 हजार जवानों का युद्ध कौशल, 100 से ज्यादा फाइटर प्लेन भारतीय वायु सेना ने जैसलमेर से लगती चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में 17 फरवरी 2024 को अपना फायर पॉवर डेमोंस्ट्रेशन किया। वायु शक्ति 2024 में एयरफोर्स के 100 से ज्यादा लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत और आक्रामक क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 15 हजार जवानों ने अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। राफेल, एसयू-30 एमकेआई, मिग-29, मिराज-2000, तेजस और हॉक सहित भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने घातक सटीकता के साथ जमीन और हवा में दुश्मन के नकली ठिकानों पर हमला किया और उन्हें नष्ट कर दिया। इस कार्यक्रम में देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के साथ ही वायु सेनाध्यक्ष और नौ सेनाध्यक्ष भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भारत शक्ति युद्धाभ्यास एशिया की सबसे बड़ी फील्ड फायरिंग रेंज में 12 मार्च 2024 को तीनों सेनाओं ने भारत शक्ति युद्धाभ्यास के जरिए देश में बने हथियारों की ताकत दिखाई। इस युद्धाभ्यास को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जैसलमेर जिले के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में पहुंचे। भारत में बने हथियारों की ताकत देखकर उन्होंने कहा कि ये नए भारत का आह्वान है। उन्होंने कहा कि डिफेंस के लिए पिछले दस साल में 6 लाख करोड़ के ऑर्डर भारतीय कंपनियों को दिए गए हैं। मोदी ने कहा- कुछ दिन पहले ही कैबिनेट ने फैसला लिया है कि पांचवी पीढ़ी के लड़ाकू विमान भी हम भारत में ही डिजाइन, डेवलप और मैन्युफैक्चर करने वाले हैं। भविष्य में भारत का डिफेंस सेक्टर बहुत बड़ा होने वाला है। पीएम के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सीएम भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। तेजस विमान क्रैश, पायलट सुरक्षित राजस्थान के पोकरण में हुए ‘भारत शक्ति युद्धाभ्यास’ में शामिल तेजस फाइटर जेट क्रैश हो गया। यह जैसलमेर शहर से 2 किमी दूर जवाहर नगर स्थित भील समाज के हॉस्टल पर जा गिरा। तेजस के क्रैश होने की यह पहली घटना है। घटना के समय हॉस्टल के उस कमरे में कोई नहीं था। इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। पोकरण में चल रहे युद्धाभ्यास स्थल से करीब 100 किमी दूर यह हादसा जैसलमेर में हुआ है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सेना के बड़े अधिकारी मौजूद थे। एयरफोर्स के अधिकारियों ने बताया- इंडियन एयरफोर्स के फाइटर प्लेन में एक ही पायलट था। उसे आर्मी हॉस्पिटल भेजा गया है। क्रैश होने से पहले वह इजेक्ट हो गया था।अचानक हुए धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इंजन फेल होने की वजह से यह फाइटर जेट क्रैश हुआ है। पायलट ने इजेक्शन से पहले ग्राउंड स्टाफ को इंजन में आई खराबी के बारे में बताया भी था। टोही विमान हुआ क्रेश जैसलमेर से 30 किमी दूर भारतीय वायुसेना का एक टोही विमान क्रैश हो गया। हादसा 24 अप्रैल 2024 को सुबह 10 बजे के करीब पिथला-जाजिया गांव के पास भोजाणियों की ढाणी के पास हुआ। हालांकि हादसे में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के साथ वायुसेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। वायुसेना के अधिकारी क्रैश के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक यह यूएवी एयर क्राफ्ट है जो मानव रहित होता है और बॉर्डर एरिया पर हो रही गतिविधियों पर नजर रखने के काम आता है। यह बॉर्डर एरिया में लगातार घूमता है और निगरानी करता है। इससे पहले भी ये क्राफ्ट तकनीकी खामी के चलते क्रैश हो चुके हैं। हीट स्ट्रोक से BSF का जवान की मौत जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात BSF जवान अजय कुमार (35) की लू (हीट स्ट्रोक) की चपेट में आने से 28 मई 2024 को मौत हो गई। वो सीमा चौकी भानु पर तैनात थे। इस दौरान भीषण गर्मी की वजह से उनकी तबीयत खराब हुई और मौत हो गई। उन्हें रामगढ़ चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रामगढ़ परिसर में ही जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान BSF अधिकारियों ने जवान को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ईआरटी टीम के जवान ने किया सुसाइड उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की दो दिवसीय यात्रा को लेकर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम 12 जून 024 को जैसलमेर पहुंची। इसी बीच जैसलमेर से करीब 5 किलोमीटर पहले बस में बैठे ईआरटी विशेष पुलिस टीम के जवान दिनेश विश्नोई ने खुद को गोली मार ली। गोली जवान के सिर के आर पार हो गई। इसके बाद जवान को घायल अवस्था में तुरंत जवाहर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। घायल जवान दिनेश विश्नोई सांचौर जिले का निवासी था। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 2 दिवसीय जैसलमेर दौरे पर 13 जून को आए। वहीं जवान की जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। 1 घंटे में 5 लाख पौधे लगाए प्रादेशिक सेना की 128वीं पैदल वाहिनी (इको टास्क फोर्स) ने 22 सितंबर 2024 को जैसलमेर में एक घंटे में पांच लाख से अधिक पौधे लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। रेतीले धोरों के नाम से विश्व विख्यात जैसलमेर को हरा भरा बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें जिला प्रशासन, सेना, बीएसएफ, एयर फोर्स, पंचायतराज, कृषि विज्ञान केंद्र, वन विभाग सहित आमजन भी इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को बनाने में अपनी भागीदारी निभाता दिखा। पांच लाख पौधों को लगाने का यह कार्यक्रम जैसलमेर के मिलिट्री स्टेशन, न्यू लिंक रोड रानीसर, मोहनगढ़, सम, देगराय मंदिर, देवीकोट व हमीरा में हुआ। करीब 5 हजार लोगों ने इस रिकार्ड को पूरा करने में अपनी भागीदारी निभाई जिससे भविष्य में यह क्षेत्र ऑक्सीजन जोन की तरह काम कर सके। सम के रेगिस्तान में आई बाढ़ अगस्त महीने में तेज बारिश के कारण राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में बाढ़ आ गई है। भारत-पाक बॉर्डर के 80 गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रिड सब स्टेशन तक पानी में डूब गया है। पूरे इलाके में आपूर्ति बंद है। जैसलमेर का सम इलाका पानी में घिर चुका है। ज्यादा प्रभावित इलाकों को खाली कराया जा रहा है। ट्रैक्टर से लोग सुरक्षित इलाकों तक पहुंच रहे हैं। जैसलमेर के सम इलाके में पिछले 5 साल से 190 एमएम औसत बारिश होती आई है। इस बार मानसून सीजन में अब तक करीब 590 एमएम बारिश हो चुकी है। सम तहसीलदार गजानन्द मीना ने बताया कि औसत से ज्यादा बारिश हुई है। अगस्त महीने में ही करीब 470 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो औसत से काफी अधिक है। गोडावण का कृत्रिम गर्भाधान जैसलमेर के सुदासरी गोडावण ब्रीडिंग सेंटर में आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन (एआई) या कृत्रिम गर्भाधान से गोडावण के बच्चा पैदा हुआ। दावा किया जा रहा है कि ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश है। अब इस प्रक्रिया से लुप्त होने जा रही इस दुर्लभ प्रजाति को बचाया जा सकेगा। DFO आशीष व्यास ने बताया- इस तरह का ये पहला मामला है, जब गोडावण को कृत्रिम गर्भाधान की मदद से प्रजनन करवाकर पैदा किया गया है। इस तरह से अब गोडावण के स्पर्म को सेव कर बैंक बनाने और उसकी जनसंख्या बढ़ाने में मदद मिल सकेगी। सोनार किले की दीवार गिरी जैसलमेर में भारी बारिश से सोनार किले की दीवार ढह गई। 6 अगस्त 2024 को सुबह करीब 11 बजे शिव रोड की तरफ की सोनार दुर्ग की दीवार भरभरा कर गिर गई। उसके पत्थर निकल गए और परकोटे के ऊपर गिर गए। गनीमत रही कि बारिश के दौरान सड़क पर कोई ट्रेफिक नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। सोनार दुर्ग की दीवार गिरने की जानकारी मिलने पर नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क के दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर उसको बंद कर दिया। नगर परिषद ने अपनी टीम लगाकर आगे कोई हादसा ना हो उसको लेकर टीम को अलर्ट कर दिया। मोर्टार बम फटा, 4 जवान घायल जैसलमेर की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में 20 सितंबर 2024 को युद्धाभ्यास के दौरान एक मोर्टार बम अचानक फट गया। हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के चार जवान घायल हो गए। हादसा करीब 12 बजकर 35 मिनट पर हुआ। सभी घायलों को पोकरण हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। सूचना मिलते ही बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी और पोकरण पुलिस अस्पताल हॉस्पिटल पहुंचे। घायल जवानों के नाम उदय, सुविमल, अभिषेक और राहुल कुमार बताए जा रहे हैं। उदय और अभिषेक की हालत गंभीर है, जबकि सुविल और राहुल ठीक हैं। पोकरण अस्‍पताल में करीब डेढ़ घंटा इलाज के बाद एहतियातन चारों जवानों को जोधपुर रेफर कर दिया गया। जवानों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। रामदेवरा मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी जैसलमेर जिले के रामदेवरा में चल रहे मेले में 9 सितंबर 2024 को बम धमाके की धमकी दी गई है। जिसके बाद यहां पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने मेला स्थल और आसपास के एरिया में छानबीन की। पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जैसलमेर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल को पोकरण रेलवे स्टेशन पर एक पर्ची मिली। पर्ची में लिखा है कि कपड़े के बने घोड़े लेकर आ रहे जातरुओं की जांच कीजिए, उसमें बम हो सकता है। मैं डरते हुए बाथरूम में बैठकर ये लिख रहा हूं। आप लोग BSF, पुलिस को सूचना दो। आतंकी मंदिर को घोड़े में बम रखकर उड़ा सकते हैं। आप लोग चेक कीजिए। बाद में ऐसा कुछ भी नहीं मिला ना कुछ हुआ। मौसी-चाचा ने किया 2 मासूमों का मर्डर जैसलमेर में चार अक्तूबर 2024 को दो मासूम बच्चों के मर्डर के मामले में पुलिस ने उनके दूर के रिश्ते के चाचा और मौसी को गिरफ्तार किया है। दोनों बच्चों मोहम्मद हसनेन (7) और मोहम्मद आदिल (8) ने चाचा एहसान अली (26) और मौसी सोनिया बानो (20) को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। बदनामी न हो जाए, इस डर से युवक-युवती ने दोनों बच्चों को मार डाला था। मौसी ने एक मासूम के सीने पर बैठकर उसका गला दबाया तो चाचा ने दूसरे बच्चे के सिर पर सरिया मारकर जान ले ली। इस हत्याकांड के बाद दोनों बच्चों के शव एक कट्टे में डालकर घर के पड़ोस में खाली मकान के पानी के टैंक में डाल दिए। पुलिस ने उसी रात दोनों बच्चों के शव पानी के टैंक से बरामद कर लिए। फिलहाल दोनों आरोपी अभी जेल में है। जीएसटी काउंसिल की 55वीं बैठक जीएसटी काउंसिल की 55वीं बैठक का आयोजन इस साल 21 दिसंबर को जैसलमेर में हुआ। केंद्रीय ​वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में कई राज्यों के सीएम व वित्त मंत्री समेत वित्त विभाग से जुड़े अफसरों ने हिस्सा लिया। बैठक में 250 से भी ज्यादा मेहमान पहुंचे जिनके लिए 4 लग्जरी होटलों को बुक किया गया। ये बैठक शहर के फाइव स्टार होटल मेरियट में आयोजित हुई। बैठक में जीएसटी को लेकर कई निर्णय लिए गए। धरती फटी, 850 जमीन के नीचे से आया पानी, ट्रक मशीन समेत धंसा जैसलमेर में बोरवेल की खुदाई के दौरान अचानक पानी की धारा फूट पड़ी। पानी की धारा जमीन से 4 फीट ऊपर तक उठते हुए गिरने लगी। खेत में नदी की तरह पानी बहने लगा और मौके पर कीचड़ हो गया। 27 दिसंबर 2024 को अचानक भारी मात्रा में पानी निकलने के कारण मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया। बोरवेल की खुदाई कर रही करीब 22 टन वजनी मशीन ट्रक के साथ धंस गई। यह देखकर मौके पर खुदाई कर रहे ग्रामीण और अन्य लोग मौके से दूर भाग गए। घटना मोहनगढ़ इलाके की है। फिलहाल मौके पर पानी और गैस की निकासी बंद हो गई है। अब निजी तेल गैस कंपनियों के इंजीनियर इसको सही करने का काम करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *