बीकानेर से जैसलमेर की ओर जा रही एक मालगाड़ी मंगलवार सुबह करीब सात बजे अचानक डिरेल हो गई। पटरियों से उतरकर मालगाड़ी के आधा दर्जन से ज्यादा डिब्बे करीब दस से बीस फीट दूरी तक जा गिरे। रेल की पटरियां एक दूसरे से अलग होकर करीब दो फीट तक एक दूसरे के ऊपर पहुंच गई। इसी ट्रैक से बीकानेर-जैसलमेर रेल भी दिन में दो बार आना-जाना करती है। डिब्बों को मौके से हटाकर इस मार्ग पर यातायात फिर से शुरू किया जाएगा। इस बीच बीकानेर से जैसलमेर के बीच सुबह सात बजकर चालीस मिनट पर रवाना होने वाली 14704 नंबर गाड़ी रद्द कर दी गई है। जैसलमेर-लालगढ़ रेल सेवा रद्द
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, बीकानेर मंडल के लालगढ़–फलोदी रेलखंड पर गजनेर और कोलायत स्टेशनों के बीच मालगाड़ी के अवपथन (पटरी से उतरने) की घटना हुई है। इस कारण गाड़ी संख्या 14703, जैसलमेर-लालगढ़ रेलसेवा आज, 07 अक्टूबर 2025 को रद्द रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। तकनीकी दल मौके पर राहत कार्य में जुटा हुआ है। लीलण सुपरफास्ट और मरुधर एक्सप्रेस की सेवा बहाल
वहीं, जयपुर स्टेशन यार्ड में तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत एयर कॉनकोर्स निर्माण से जुड़े तकनीकी कार्य के चलते लीलण सुपरफास्ट (12467/12468, जैसलमेर–जयपुर–जैसलमेर) ट्रेन को 11 अक्टूबर तक फुलेरा–जयपुर खंड के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया था। अब यह ट्रेन 8 अक्टूबर से अपने मूल मार्ग पर पूर्ण रूप से बहाल कर दी जाएगी। इसी प्रकार मरुधर एक्सप्रेस (14854/14864/14866, जोधपुर–वाराणसी सिटी–जोधपुर) को भी 9 से 11 अक्टूबर तक तीन ट्रिप के लिए रेगुलेट किया गया था, लेकिन अब यह अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की वेबसाइट या पूछताछ हेल्पलाइन से अवश्य जांच लें।


