जोधपुर में देशभर की विभिन्न कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज के करीब 400 स्टूडेंट्स अपने लैपटॉप पर विभिन्न समस्याओं का समाधान हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर आधारित डिजाइन्स से करते हुए नजर आए। मौका था शनिवार शहर के मोगड़ा स्थित जीत यूनिवर्स में शुरु हुए राष्ट्रीय हैकाथॉन ‘रेकॉन 6.0′ का। यहां के डेवलपर स्टूडेंट क्लब की मेजबानी वाले 24 घंटे के इस आयोजन में 100 टीमें बनाई गई। आईआईटी, जोधपुर के प्रो. भाबानी कुमार सतपथी ने मुख्य अतिथि के तौर पर हैकथॉन का उद्घाटन किया। अन्य अतिथियों में आईआईटी जोधपुर की डॉ. नेहा जैन, आई स्टार्ट जोधपुर की डिप्टी डायरेक्टर मनीषा चौहान, अल्ट्राटेक सीमेंट के सीनियर मैनेजर मनीष गर्ग, जीत यूनिवर्स की असिस्टेंट डायरेक्टर संजना मल्होत्रा सिंघी और लुसिड आउटसोर्सिंग के सीईओ योगेश माथुर शामिल रहे। हैकाथॉन के प्रतिभागियों को फिनटेक, हेल्थकेयर, एआईएमएल, एजुटेक, गेमिंग, आईओटी, असेसेबिलिटी व सस्टेनेबिलिटी थीम पर टास्क दी गई। इनके लिए सभी का अनस्टॉप पर रजिस्ट्रेशन किया गया। फिर मेंटरिंग सेशन में संबंधित क्षेत्र के इंडस्ट्री विशेषज्ञ द्वारा प्रतिभागियों को कुछ सुझाव दिए गए। इसके बाद स्टूडेंट्स ने लैपटॉप व कंप्यूटर पर अपनी टास्क के समाधान डिजाइन किए। हैकाथॉन के समन्वयक डॉ. संजय भंडारी और विवेक शर्मा ने बताया कि विशेषज्ञों द्वारा आइडिया वेलिडेशन, फिजिबिलिटी और बिजनेस मॉडल स्केलिंग जैसे पैमानों के आधार पर इन समाधानों को बारीकी से जज किया गया। इनके विजेताओं की रविवार को घोषणा कर उन्हें एक लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।


