अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: जिला स्तरीय कार्यक्रम में मातृशक्ति सम्मानित:जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में हुआ समारोह, माँ के जीवन के संघर्ष की कहानी सुना किया प्रेरित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह (2 से 8 मार्च) के तहत जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से शनिवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान केन्द्र आयोजन कलेक्टर गौरव अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ इसमें उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चयनित मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। समारोह में सहायक कलेक्टर मधुलिका सींवर, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक समदरसिंह भाटी, अतिरिक्त कोषाधिकारी जोधपुर ग्रामीण दीपिका राठौड़, महिला थाना प्रभारी रेणू ठाकुर व दीप्ती गौरा, संरक्षण अधिकारी महिला अधिकारिता सुनीता बेनीवाल सहित अन्य अतिथियों ने इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अग्रवाल ने कहा कि लैंगिक भेदभाव को खत्म करने के लिये हम सब अपने घर, परिवार एवं समाज में होने वाले भेदभाव को खत्म करना होगा। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि सींवर ने बालक एवं बालिका में भेदभाव खत्म करने में महिलाओं की घर व परिवार में भूमिका तथा तीन बालिकाओं की माँ के जीवन के संघर्ष की कहानी सुनाकर सशक्त बनने की प्रेरणा दी। उप निदेशक भाटी ने महिलाओं को समाज में समानता और हर क्षेत्र में महिलाओं व बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी को और बढ़ाने का प्रण लेने का आह्वान किया। संरक्षण अधिकारी सुनीता बेनीवाल ने प्रतिभागियों व अतिथियों का स्वागत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को महिलाओं की समााजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक उपलब्धियों का जश्न मनाने का वैश्विक दिवस बताया। थानाधिकारी दीप्ती गौरा ने महिलाओं को राजकॉप सिटीजन एप की जानकारी देते हुए सभी महिलाओं को मौके पर ही एप्लीकेशन डाउनलोड करवाकर इसकी अहमियत भी समझाई। पन्नाधाय सम्मान व अन्य श्रेणी में प्रोत्साहन कार्यक्रम में महिलाओं की पहचान व उनके लिए किए जा रहे कार्यों का सम्मान प्रदान करने के क्रम में पन्नाधाय सम्मान तथा सुरक्षा योजनान्तर्गत जिले में महिला एवं बाल विकास मानदेयकर्मी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ साथिन ग्राम पंचायत डेरिया की गुड्डी और धनारी कल्ला की आशा सहयोगिनी संजू देवी को 11000/- प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किय गया। इसी तरह, दानदाता श्रेणी में स्वामी विवेकानंद स्टूडेंट वेलफेयर चेरिटेबल ट्रस्ट को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। जेण्डर स्पेशलिस्ट कानाराम सारण ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर शपथ दिलाई। नन्हीं बालिका का जन्मदिन भी मनाया उप निदेशक फरसाराम विश्नोई ने बताया कि कार्यक्रम में बालिका मैना का जन्मदिन कलक्टर अग्रवाल व अन्य अतिथियों की मौजूदगी में केक काटकर मनाया गया। विभागीय साथिनों द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढाओ आधारित रंगोली एवं पोस्टर बनाकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विभागीय सुपरवाईजर पूजा सोलंकी़, नीतू सिंह, हरकू भाकर, खुशबु पारीक, पल्लवी कुल्हरी, ओमप्रकाश गांधी सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं वन स्टॉप सेण्टर एवं महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सुरक्षा केन्द्र के परामर्शदाता कार्मिक उपस्थित रहे। सहायक प्रशासनिक अधिकारी रामलाल ने आभार जताया। मंच संचालन भानू पुरोहित ने किया। कार्यक्रम में कुल 230 महिलाओं व बालिकाओं ने भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *