देश के सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी संसद में सड़क हादसों को लेकर चिंता जता चुके हैं, लेकिन जोधपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों राम भरोसे चल रही है शहर में कहने को आरटीओ से लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से जिम्मेदारी है कि नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई करें, लेकिन शहर के बनाड़ रोड रसाला रोड, ओवर ब्रिज के आसपास चलने वाले टेंपो इन दिनों खतरनाक तरीके से संचालित किए जा रहे हैं। इन टेंपो में क्षमता से अधिक सवारियों को भरकर चलाया जा रहा है। जिसके चलते हादसा होने का अंदेशा है। सोमवार को भी इसकी एक झलक दिखी, जबकि जोधपुर की पुलिस इन दिनों 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मना रही है जिसके तहत लोगों को नियमों की पालना करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है, वाहन चालकों को अवेयर करने के लिए पुलिस की ओर से अलग-अलग अभियान भी चलाए जा रहे हैं लेकिन अभियान धरातल पर दम तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। जोधपुर के पावटा सर्कल से आरटीओ की तरफ जाने वाले मार्ग पर दिनभर इसी तरीके से टेंपो चालक क्षमता से अधिक सवारियां भरकर परिवहन कर रहे हैं सोमवार को एक टेंपो पांच सवारियों को पीछे लटकाकर चलता हुआ नजर आया। जबकि टेंपो इस दौरान असंतुलित भी हो रहा था। हालांकि गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ लेकिन इस लापरवाही की वजह से ट्रैफिक पुलिस और RTO पर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।


