कोटा में युवा दिवस के अवसर पर आज नयापुरा थाना परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को थाने का भ्रमण करवाकर कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों, नशे से होने वाले दुष्परिणामों और सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से समझाया गया। नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के मौके पर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि थाने में आए विद्यार्थियों को पूरे थाना परिसर का भ्रमण करवाया गया और पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। साथ ही नए कानूनों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कानून का सही ज्ञान युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करता है। सीआई विनोद कुमार ने बताया कि ने विद्यार्थियों को कोटा में चल रहे ऑपरेशन गरुड़व्यूह नशा मुक्त भारत अभियान के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने नशे के दुष्परिणाम बताते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर ले जाता है, इसलिए सभी को इससे दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाकर ऊर्जावान, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनना चाहिए। कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल हुए। नयापुरा थाना क्षेत्र के सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का लगातार थाना भ्रमण कराया जा रहा है। थाना परिसर में लगाए गए जागरूकता बैनर और फ्लेक्स के माध्यम से नवीन कानून, महिला सुरक्षा, पोक्सो एक्ट और अन्य अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही वर्तमान में चल रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों की पालना, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।


