धौलपुर पुलिस ने युवा दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करना था। यह कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत, धौलपुर जिले के सभी पुलिस थानों पर क्षेत्र के विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को दौरा कराया गया। थाना दौरे के दौरान, थानाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की संरचना, थाना स्तर पर होने वाले कार्य, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज करने की विधि, आमजन की सहायता में पुलिस की भूमिका, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराधों से सतर्कता और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी बताया गया। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल सुरक्षा, बाल अधिकार एवं संरक्षण, नशे के दुष्प्रभाव, आपदा प्रबंधन तथा राजकॉप सिटिजन ऐप और पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से बातचीत की गई और उनके सवालों के जवाब दिए गए, जिससे उनमें पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके। छात्रों को अनुशासित जीवन जीने, कानून का सम्मान करने और समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं ने पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और इस पहल की सराहना की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि धौलपुर पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, उन्हें अपराधों से दूर रखने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।


