जोधपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पाली के रानी स्टेशन के यात्रियों के लिए जोधपुर-बेंगलुरु ट्रेन का ठहराव शुरू किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मेंटेनेंस कार्य के चलते बीकानेर रूट पर दो दिन रेल यातायात प्रभावित रहेगा। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि लंबी दूरी की गाड़ियों में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रानी स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव दिया जा रहा है। इसके तहत – रानी स्टेशन: 14 जनवरी से रुकेगी जोधपुर-बेंगलुरु ट्रेन डीआरएम ने बताया कि गाड़ी संख्या 16533, जोधपुर-बेंगलुरु ट्रेन 14 जनवरी से रानी स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन सुबह 8:42 बजे रानी पहुंचेगी और 2 मिनट के ठहराव के बाद 8:44 बजे रवाना होगी। इसी तरह, वापसी में गाड़ी संख्या 16534 (साबरमती-बेंगलुरु लिंक/जोधपुर रूट) 13 जनवरी से रानी स्टेशन पर सुबह 10:54 बजे आएगी और 10:56 बजे प्रस्थान करेगी। इस ठहराव से पाली और आसपास के क्षेत्र के प्रवासियों को दक्षिण भारत जाने में आसानी होगी। देशनोक-पलाना के बीच 4 घंटे का ब्लॉक मेड़ता रोड-बीकानेर रेलखंड पर सफर करने वाले यात्रियों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। रेलवे द्वारा देशनोक और पलाना स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या-6 को हटाकर वहां रोड ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते 9 जनवरी और 16 जनवरी को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इन दोनों दिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक यानी, 4 घंटे इस मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान गुजरने वाली ट्रेनें देरी से चल सकती हैं या रेगुलेट की जा सकती हैं।


