10 हजार के इनामी अभियुक्त मितेश कुमार गिरफ्तार:पौरव कालेर गैंग से मिलीभगत कर ब्लूटूथ के जरिए की थी नकल

राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने राजस्व अधिकारी ग्रेड-II एवं अधिशाषी अधिकारी वर्ग-IV (स्वायत्त शासन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में नकल मामले से जुड़े 10 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त मितेश कुमार को गिरफ्तार किया है। एडीजी एसओजी राजस्थान विशाल बंसल ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों के प्रयोग की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गैंग द्वारा सालासर में रहकर परीक्षार्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल करवाई जा रही थी। इस संबंध में पुलिस थाना एसओजी में 19 अक्टूबर 2024 को मुकदमा दर्ज किया गया था, मामले में अनुसंधान करने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आरोपी ने की थी पौरव कालेर गैंग से मिलीभगत कर ब्लूटूथ के जरिए नकल उन्होंने बताया- गिरफ्तार अभियुक्त मितेश कुमार (26 साल) पुत्र हरिराम निवासी खारी थाना कालू, जिला बिकानेर स्वयं उक्त परीक्षा का अभ्यर्थी था और उसने पौरव कालेर गैंग से मिलीभगत कर ब्लूटूथ के जरिए नकल की। हालांकि मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था, जिस पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। एसओजी टीम ने उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *