जोधपुर शहर में इन दिनों दुकानों से सिगरेट के पैकेट चुराने वाली गैंग सक्रिय है। शहर के व्यस्ततम इलाकों में बनी दुकानों पर जाकर यह गैंग सिगरेट के पैकेट लेकर भाग जाती है। बीते तीन दिनों में शहर की चार दुकानों पर इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पहली घटना जोधपुर के जालौर गेट चौराहे के पास समीप स्थित बजरंग पान भंडार पर हुई। यहां पर रात के समय हेलमेट पहन कर बदमाश आया और दुकानदार से 4000 रुपए की सिगरेट ली। इसके बाद अपने बाइक सवार साथी से पेमेंट लाने का बोलकर मौके से फरार हो गया। उसका फुटेज भी सामने आया। दो दिन बाद शनिवार को प्रताप नगर मुख्य रोड पर हेलमेट लगाकर बदमाश भवानी दाल बाटी के पास दूध मंदिर की दुकान पहुंचा। यहां पर 2000 की सिगरेट ले ली और उसके बाद पैसे देने का बहाना बनाकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। यही गैंग रेलवे स्टेशन रोड पर एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुकी है। फुटेज में हेलमेट पहन कर आने वाले बदमाश दुकानदार से सिगरेट के पैकेट मांगते हैं। उन दुकानों को निशाना बनाते हैं जहां ग्राहकों की भीड़ रहती है।


