जोधपुर में माहेश्वरी समाज के महाकुंभ (MGC-2026) का शुक्रवार को आगाज हुआ। पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित इस वैश्विक सम्मेलन में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत और मारवाड़ के पूर्व नरेश गजसिंह के आतिथ्य में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस महाकुंभ में भारत सहित दुनिया के 27 देशों से करीब 40 हजार माहेश्वरी समाजबंधु हिस्सा ले रहे हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की अगवानी की। आयोजन स्थल पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काबरा और जोधपुर माहेश्वरी समाज के मंत्री नंदकिशोर शाह ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। विजन-2047: जनसंख्या वृद्धि और संस्कारों पर जोर महासभा के सभापति संदीप काबरा ने बताया कि इस महाकुंभ का उद्देश्य ‘वैदिक भारत से वैश्विक भारत’ तक समाज की भूमिका तय करना है। समाज में घटती जनसंख्या को देखते हुए इस महाकुंभ का उद्घाटन तीन या उससे अधिक संतान वाली माताओं के हाथों करवाया गया, ताकि जनसंख्या वृद्धि का संदेश दिया जा सके। इसके अलावा, समाज में बहुओं को पढ़ाने और बेटी परणाओं अभियान के तहत देशभर की चयनित महिलाओं को 50 हजार रुपए की एफडी देकर प्रोत्साहित करने की भी योजना है। 250 बीघा में आयोजन: 12 ज्योतिर्लिंग डोम और ग्लोबल एक्सपो आयोजन के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित 250 बीघा क्षेत्र में एक अस्थायी शहर बसाया गया है। यहां 12 ज्योतिर्लिंगों के नाम पर 12 डोम बनाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल ग्लोबल एक्सपो भी लगाया गया है, जिसमें 750 स्टॉल्स हैं। एक्सपो में नेपाल, दुबई, यूएसए सहित कई देशों के एग्जीबीटर शामिल हुए हैं। खास बात यह है कि तीन दिवसीय एक्सपो में शहरवासी भी शामिल हो सकेंगे, जबकि मुख्य अधिवेशन में केवल रजिस्टर्ड समाजबंधु ही प्रवेश कर पाएंगे। आयोजन स्थल पर गीता बाल संस्कार डोम भी बनाया गया है, जहां श्रीमद्भगवद्गीता की ट्रेन के 8 कोच के माध्यम से बच्चों को सनातन संस्कारों से रूबरू करवाया जा रहा है। वर्चुअल उद्घाटन और आगामी सत्र शुक्रवार को अतिथियों ने एम्स रोड पर बन रहे छात्रावास, सिवांची गेट स्थित हरनाथ बेरा में द्वारकाधीश मंदिर के भूमि पूजन और बावड़ी जीर्णोद्धार का वर्चुअल उद्घाटन किया। शाम के सत्र में ‘मिशन आईएएस 100’ और भारतीय ज्ञान परंपरा पर संबोधन हुआ। अगले दो दिनों (10 और 11 जनवरी) में बिखरते परिवार, शादी की सही उम्र, रिन्यूएबल एनर्जी और बिजनेस स्केलिंग जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। मधुसूदन केला, आनंद राठी और अन्य उद्योग जगत की हस्तियां युवाओं को ‘फाइनांशियल डिसिप्लिन’ और करियर पर मार्गदर्शन देंगे। 10 जनवरी को भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।


