जोधपुर शहर में पिछले कई दिनों से चल रहा राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन का धरना शनिवार को खत्म हो गया। इससे पहले जोधपुर दौरे पर आए केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने धरना स्थल पर नर्सेज के साथ जमीन पर बैठकर उनकी पूरी बात सुनी। इसके बाद उन्होंने जयपुर में उच्चाधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर समस्या का समाधान कराने को कहा। इसके कुछ देर बाद यूटीबी नर्सिंग ऑफिसर्स के समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई। काली पट्टी बांध कर काम कर रहे थे राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के संयुक्त नेतृत्व विजेंद्र सिंह मेड़तिया एवं जगदीश जाट की अगुवाई में नर्सेज धरना दे रहे थे। ये नर्सेज अस्पतालों में यूटीबी नर्सिंग अधिकारियों के समायोजन और एक्सटेंशन की मांग कर रहे थे। इसी मांग को लेकर शनिवार को विभिन्न अस्पतालों में स्थायी कार्मिकों ने भी समर्थन स्वरूप काली पट्टी बांध कर काम कर रहे थे। शनिवार को केंद्रीय मंत्री शेखावत के साथ इनकी वार्ता हुई। इसके बाद सरकार से डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा को निर्देश मिले, जिसमें किसी कार्मिक को नहीं निकालने का निर्णय हुआ। डॉ. जोधा ने आंदोलन कर रहे नर्सेज को सरकार की घोषणा से अवगत कराया। इस पर सभी नर्सिंग अधिकारियों ने खुशी जताते हुए धरना खत्म करने की घोषणा की। एसोसिएशन अध्यक्ष जगदीश जाट तथा विजेंद्र सिंह मेड़तिया ने केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खिंवसर, उद्योग एवं खेल मंत्री केके विश्नोई, कानून मंत्री जोगाराम पटेल, प्रधानाचार्य डॉ. बी एस जोधा का धन्यवाद ज्ञापित किया।


